शेयर बाजार ने गंवाई शुरुआती बढ़त, सेंसेक्स 143 अंक टूटा, निफ्टी 78 अंक कमजोर

मुंबई, 21 अक्टूबर। विजयादशमी की बंदी के बाद खुले घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को शुरुआती बढ़त गंवा दी और दोनों मानक सूचकांक लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 143 अंक टूटा वहीं एनएसई निफ्टी 78 अंक कमजोर हुआ।

आईटी सेक्टर में अच्छी लिवाली के बावजूद बिजली, बैंक व वित्तीय शेयरों में बिकवाली तथा कच्चे तेल की ऊंची कीमत से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल में वृद्धि और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया।

सेंसेक्स 143.21 अंक टूटकर 73,709.69 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 143.21 अंक यानी 0.19 प्रतिशत टूटकर 73,709.69 अंक पर बंद हुआ। हालांकि कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई और सेंसेक्स एक समय 829.29 अंक चढ़कर 74,682.19 अंक के उच्चस्तर पर पहुंच गया।

सूचकांक ने दिनभर में 1452.74 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा

हालांकि, बाद में यह शुरुआती बढ़त गंवाते हुए 73,229.45 अंक के निचले स्तर तक आ गया। यानी सूचकांक ने दिनभर में 1452.74 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के शेयर लाल निशान पर रुके तो 10 में मजबूती दिखी।

निफ्टी 77.60 अंकों की गिरावट लेकर 22,811.35 पर बंद

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 77.60 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट लेकर 22,811.35 अंक पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में यह 23,120.90 अंक के उच्चस्तर गया, लेकिन बाद में फिसलकर दिन के निचले स्तर 22,702.85 अंक पर आ गया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 13 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 37 में गिरावट दर्ज की गई।

बजाज फाइनेंस का स्टॉक सबसे ज्यादा 3.33 फीसदी गिरा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में बजाज फाइनेंस का स्टॉक सबसे ज्यादा 3.33 फीसदी गिरा। इटर्नल, ट्रेंट, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, मारुति सुजुकी इंडिया, इंडिगो, कोटक महिंद्रा बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, टाइटन और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

वहीं, लाभ में रहने वाले शेयरों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल, पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक और सन फार्मास्युटिकल्स शामिल हैं।

जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO को पहले ही करीब 3 गुना अभिदान मिला

इस बीच, 30,213 करोड़ रुपये के जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) को बुधवार को बोली के पहले दिन करीब तीन गुना अभिदान मिला। अब तक के सबसे बड़े सार्वजनिक निर्गम को खुलने के 100 मिनट के भीतर पूरी बोली मिल गई। इतनी तेजी से बोली प्राप्त करने वाला यह अब तक का पहला निर्गम है।

ब्रेंट क्रूड 2.23 प्रतिशत बढ़कर 111 डॉलर प्रति बैरल के पार

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 2.23 प्रतिशत बढ़कर 111 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गई। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने सोमवार को 1,148.64 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 3,201.19 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular