1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. खरगे का दावा- नफरत फैलाने की मंशा से ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ मनाते हैं आज के हुक्मरान
खरगे का दावा- नफरत फैलाने की मंशा से ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ मनाते हैं आज के हुक्मरान

खरगे का दावा- नफरत फैलाने की मंशा से ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ मनाते हैं आज के हुक्मरान

0
Social Share

नई दिल्ली, 15 अगस्त। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया और दावा किया कि आज के हुक्मरान नफ़रत फैलाने की मंशा से ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ मनाते हैं। खरगे ने पार्टी मुख्यालय में तिरंगा फहराने के बाद लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं दीं तथा मोदी सरकार पर निशाना साधा। इस मौके पर कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

खरगे ने कहा, ‘‘आप सभी को 78वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई। कई दशकों के संघर्ष और लाखों बलिदानों के बाद गुलामी की जंजीर टूटी और देश आजाद हुआ। स्वाधीनता आंदोलन में अनगिनत भारतीयों ने शहादत और कुर्बानी दी। हम स्वाधीनता आंदोलन के सभी नायकों को नमन करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आजादी की लड़ाई में सभी जाति, धर्म, संप्रदाय और क्षेत्र के लोगों ने हिस्सा लिया और सभी ने देश के लिए कुछ ना कुछ त्याग किया। सभी प्रांत, भाषा, प्रदेश के लोग मिलकर एक सशक्त भारत का निर्माण करते हैं। अनेकता में एकता हमारी ताकत है, यह कमजोरी नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग आज प्रचार करते हैं कि हमें आजादी आसानी से मिल गई थी, लेकिन हकीकत यह है कि लाखों लोगों ने अपनी कुर्बानी दी, अपना घर छोड़कर भटकते रहे। संपन्न होते हुए भी आजादी का बड़ा हिस्सा जेल में काटा।’’ खरगे ने दावा किया, ‘‘ क्रांतिकारियों के योगदान को महत्व देने और उनके विचारों पर अमल करने के बजाय आज के हुक्मरान विभाजनकारी सोच को हवा दे रहे हैं। वे नफरत फैलाने की मंशा से ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ मनाते हैं। जिन्होंने आजादी के आंदोलन में भाग नहीं लिया, वे कांग्रेस पार्टी को नसीहत देते हैं। वे नाखून काटकर शहीद बनते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सच्चाई यह है कि उनकी नफरत भरी राजनीति ने देश को दो टुकड़ों में बांट दिया। यह विभाजन उन्हीं के कारण हुआ। अपने स्वार्थ के लिए जानबूझकर अंग्रेजों की षड्यंत्रकारी सोच- ‘फूट डालो और राज करो’ को आगे बढ़ाने का काम संघ परिवार ने किया है। इसके प्रमाणों की कोई कमी नहीं है।’’ उन्होंने केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘आज मोदी सरकार – ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चला रही है। हमें खुशी है कि छह दशक के बाद उन्हें प्रायश्चित करने की सूझी है, अपनी गलती का एहसास हुआ है। उससे पहले उन्हें तिरंगे को फहराने से परहेज था। सच्चाई यह है कि हमारे देश के लोग पिछले 100 वर्षों से ‘हर दिल तिरंगा’ मना रहे हैं।’’

खरगे ने कहा कि यह देश अगर कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से कोहिमा तक एक है, तो यह 140 करोड़ लोगों की एकता की वजह से है तथा इस जज्बे को पूरी दुनिया ने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान देखा है। उन्होंने दावा किया, ‘‘आज देश के लोगों को हर घर नौकरी और हर घर न्याय चाहिए… सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय राजनीतिक न्याय… । यह देश आर्थिक असमानता और बेरोजगारी से मुक्ति चाहता है। इन मुद्दों को अनंत काल तक भटकाया नहीं जा सकता। इसमें जितनी देरी होगी, समस्याएं उतनी बढ़ जाएंगी।’’

खरगे ने आरोप लगाया कि यह मोदी सरकार का 11वां साल है, लेकिन लोगों का जीवन बेहतर होने की बजाय बदतर होता जा रहा है तथा बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से लोग जूझ रहे हैं। ‘‘किंतु सरकार अपने अहंकार के कारण हर बात से इनकार कर रही है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब भी वक्त आता है, हम देश को बचाने के लिए आगे बढ़ते हैं। हमें तटस्थ बनकर बैठने की जरूरत नहीं है। मैं यहां से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संदेश देना चाहता हूं। आप जनता के बीच बुनियादी मुद्दों को लेकर बने रहिए। जनता की बात सुनिए और बताइए कि देश में बदलाव की हवा चल पड़ी है।’’

खरगे के अनुसार, आज लोग लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तरफ नई आशा और नई उम्मीद से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब से राहुल ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की है, तब से देश में एक नया जोश आया है तथा 2024 के लोकसभा चुनाव में हमने उसका परिणाम हासिल किया। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। हमारे लिए स्वतंत्रता सिर्फ एक शब्द नहीं – संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों में पिरोया हुआ हमारा सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। यह शक्ति है अभिव्यक्ति की, क्षमता है सच बोलने की और उम्मीद है सपनों को पूरा करने की।’’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code