Homeहिन्दीचुनावउपचुनाव 2022 परिणाम : कांग्रेस ने कोल्हापुर उत्तर और खैरागढ़ विधानसभा सीटें...

उपचुनाव 2022 परिणाम : कांग्रेस ने कोल्हापुर उत्तर और खैरागढ़ विधानसभा सीटें जीतीं

मुंबई/रायपुर, 16 अप्रैल। कांग्रेस ने पश्चिमी महाराष्ट्र की कोल्हापुर उत्तर और छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में परचम लहरा दिया है। दोनों ही सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों पर जीत हासिल की।

कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट कांग्रेस ने बरकरार रखी

देखा जाए तो कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट कांग्रेस ने बरकरार रखी। इस विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव की बीते वर्ष दिसंबर कोविड-19 के कारण निधन हो गया था। सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन की ओर से कांग्रेस उम्मीदवार व दिवंगत विधायक चंद्रकात जाधव की पत्नी जयश्री चंद्रकांत जाधव (अन्ना) ने जीत हासिल की।

कोल्हापुर उत्तर सीट के चुनाव परिणाम का विस्तृत विवरण

जयश्री ने शनिवार की हुई मतगणना में भाजपा के सत्यजीत (नाना) कदम को 19,307 मतों से हराया। जयश्री ने कुल पड़े मतों में 54.34 फीसदी यानी 97,332 वोट हासिल किए जबकि भाजपा के सत्यजीत कदम को 43.56 फीसदी यानी 78,025 वोट मिले। अन्य 13 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।

महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले बोले – यह प्रगतिशील विचारों की जीत

महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने पार्टी की जीत को ‘प्रगतिशील विचारों की जीत’ करार दिया। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि उनकी पार्टी मतदाताओं द्वारा दिए गए निर्णय को स्वीकार करती है। वहीं कांग्रेस नेता एवं राज्य के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने कहा कि कोल्हापुर उत्तर सीट के मतदाताओं ने धार्मिक ध्रुवीकरण पैदा करने के प्रयासों को खारिज कर दिया है। कोल्हापुर ने हमेशा समानता के सिद्धांत का पालन किया है।

छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ सीट पर सत्ताधारी कांग्रेस की यशोदा वर्मा विजयीं

उधर छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर सत्ताधारी दल कांग्रेस की महिला उम्मीदवार यशोदा नीलांबर वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और पूर्व विधायक कोमल जंघेल को 20,176 मतों से हराया।

खैरागढ़ सीट के चुनाव परिणाम का विस्तृत विवरण

लोधी जाति की बहुतायत वाली यह नक्सल प्रभावित सीट जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद से रिक्त थी। वर्मा व जंघेल दोनों ही अन्य पिछड़ा वर्ग की लोधी जाति से ताल्लुक रखते हैं। यशोदा वर्मा ने कुल पड़े मतों में 52.97 फीसदी यानी 87,879 वोट हासिल किए जबकि कोमल जंघेल को 40.81 फीसदी यानी 67,703 वोट मिले।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments