वाराणसी, 23 मार्च। लव बर्ड्स आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की फिल्म ब्रह्मास्त्र की शूटिंग अपने अंतिम पड़ाव में पहुंच चुकी है। फिल्म के फाइनल शेड्यूल को पूरा करने के लिए आलिया और रणवीर इस समय धार्मिक नगरी वाराणसी में हैं। शूटिंग लोकेशन से कपल की कई तस्वीरें ऑनलाइन सामने आई हैं।
एक तस्वीर में आलिया, रणबीर और फिल्म निर्माता अयान मुखर्जी को बनारस में गंगा किनारे एक घाट पर शूटिंग करते देखा जा सकता है। वायरल वीडियो और तस्वीरों में आलिया और रणबीर क्रमशः पीले और नारंगी रंग के आउटफिट में नजर आ रहे हैं।
View this post on Instagram
फिल्म निर्माताओं के एक करीबी सूत्र ने खुलासा किया कि फिल्म की कास्ट चार दिनों तक वाराणसी में रहेगी। उन्होंने बताया, ‘ब्रह्मास्त्र की टीम चार दिनों के लिए वाराणसी में रहेगी।
यहां वे कुछ महत्वपूर्ण दृश्यों और एक गाने की शूटिंग खत्म करेंगे। यह शूटिंग का अंतिम चरण है, उनके मुंबई लौटने के बाद फिल्म पोस्ट प्रोडक्शन में जाएगी।’
अयान मुखर्जी के निर्देशन में ‘ब्रह्मास्त्र’ पिछले सात वर्षों से बन रही है। यह इसी वर्ष नौ सितम्बर को पांच भारतीय भाषाओं- हिन्दी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय और नागार्जुन अक्किनेनी भी फिल्म का हिस्सा हैं।

