नई दिल्ली, 11 नवम्बर। देश की प्रमुख डेयरी कम्पनी ‘अमूल’ ने ताजा दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का एलान किया है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने बुधवार को बताया कि गुरुवार (12 नवम्बर) से देशभर में अमूल के प्रमुख दूध उत्पादों की कीमतों में लगभग चार से पांच प्रतिशत तक की वृद्धि की जाएगी।
अमूल ताजा टोंड दूध की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी
फेडरेशन के अनुसार, सबसे अधिक बिकने वाले अमूल ताजा टोंड दूध (3 प्रतिशत फैट) की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है जो लगभग 3.3 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं अमूल गोल्ड दूध (6 प्रतिशत फैट) के दाम 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं, जो करीब 5.5 प्रतिशत की वृद्धि है।
GCMMF ने कहा कि दूध उत्पादन और प्रोसेसिंग की लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कम्पनी के मुताबिक, पिछले एक वर्ष में हरे और सूखे चारे, पशु आहार में इस्तेमाल होने वाले तेल खली (ऑयल केक), मक्का, शीरा (मोलासेस), दूध पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
अमूल ने बताया कि गुजरात सहित देश के कई हिस्सों में कम और असमान बारिश के कारण डेयरी किसानों को मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे हालात में उत्पादकों को बेहतर भुगतान देने और उनका समर्थन करने के लिए दूध की उपभोक्ता कीमतों में संशोधन करना आवश्यक हो गया है।
फेडरेशन के अनुसार, अमूल से जुड़े सदस्य दुग्ध संघों ने पिछले एक वर्ष में किसानों को दिए जाने वाले दूध खरीद मूल्य में चार से पांच प्रतिशत की वृद्धि की है। ताजा मूल्य संशोधन से किसानों को और बेहतर भुगतान मिल सकेगा।
अमूल ने कहा कि सहकारी ढांचे के तहत उपभोक्ताओं से प्राप्त कुल राजस्व का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा उसके 36 लाख दुग्ध उत्पादक किसानों को वापस दिया जाता है। कम्पनी ने स्पष्ट किया कि दूध की बिक्री कीमत में हुई बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा सीधे किसानों तक पहुंचेगा, जिससे उन्हें अधिक दूध उत्पादन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।


