अखिलेश यादव का तंज : झूठ के फूल हैं भाजपाई, इनसे नहीं आ सकती खुशबू

बांदा, 1 दिसंबर। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि भाजपाई झूठ के फूल हैं, इनसे खुशबू नहीं आती। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि इसीलिए साइकिल की रफ्तार बढ़ानी है।

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने बुधवार को यहां सपा की विजय यात्रा के पांचवें चरण के उद्घाटन अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘बुंदेलखंड को हमने ज्यादा से ज्यादा विकास की रफ्तार दी, लेकिन इस शासनकाल में यहां ध्यान नहीं दिया गया। न ही कोई कल-कारखाना ही लगा।’

भाजपा के लोग नाम बदलकर काम का श्रेय लेते हैं

अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोग अमेरिका की तस्वीर लगाकर काम का श्रेय लेते हैं। अभी भाजपाई यहां आए थे। एक पुल दिखाया। वह पुल यहां का नही था। यह विज्ञापन में भी झूठ बोलते हैं। नाम बदलकर काम का श्रेय लेते हैं। रंग भी बदल देते हैं। नाम बदलने में रिकार्ड बना रहे हैं। नाम बदलने वालों को यूपी से बाहर का रास्ता दिखाना है।

डबल इंजन की सरकार का बुंदेलखंड आते-आते फेल हो जाता है इंजन

सपा मुखिया ने कहा कि बुंदेलखंड के खेतों में अब तक पानी नहीं पहुंच पाया है, लोग प्यासे हैं। भाजपा सरकार में उनके लिए कुछ नहीं किया गया। योगी आदित्यनाथ पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो अपने ऊपर हुए मुकदमों को खुद वापस करा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने बिजली नहीं बनाई, इसके बिल बनाए हैं।

उन्होंने कहा, ‘हम वादा करते हैं कि हमारी सरकार ने जिस तरह किसानों को मुफ्त सिंचाई की सुविधा दी थी, उसी तरह हम दोबारा यह सुविधा देंगे। भाजपा कार्यकाल में केवल बर्बादी हुई है, विकास नहीं हुआ है। ये कहते हैं कि इनकी डबल इंजन की सरकार है, लेकिन इस डबल इंजन की सरकार का बुंदेलखंड आते-आते इंजन ही फेल हो जाता है।’

RELATED ARTICLES

Most Popular