भारतीयों के खिलाफ कथित नस्लीय टिप्पणी : अंग्रेज क्रिकेटर बटलर और मोर्गन जांच के घेरे में

 

लंदन, 10 जून। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने भारतीयों का मजाक उड़ाने वाली कथित नस्लीय टिप्पणियों के लिए इंग्लैंड की एक दिनी टीम के कप्तान इयन मोर्गन और विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर को जांच के घेरे में ले लिया है। ईसीबी ने प्रासंगिक और उचित काररवाई का वादा करते हुए कहा कि प्रत्येक मामले में व्यक्तिगत आधार पर विचार किया जाएगा। बटलर और मोर्गन ने अपने ट्वीट संदेशों में भारतीयों का मजाक उड़ाने के लिए ‘सर’ का उपयोग किया है।

पेसर ओली रॉबिंसन पिछले हफ्ते किए गए थे निलंबित

गौरतलब है कि ईसीबी ने तेज गेंदबाज ओली रॉबिंसन को वर्ष 2012-13 में किए गए एक आपत्तिजनक ट्वीट के आरोप में पिछले हफ्ते निलंबित कर दिया था। उसके बाद बटलर और मोर्गन के ट्वीट की सोशल मीडिया पर चर्चा होने लगी थी। इसी क्रम में तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन का 2010 का समलैंगिकता से जुड़ा एक ट्वीट भी सामना आया है।

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बटलर के मैसेज का स्क्रीनशॉट भी साझा किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा है, ‘मैं सर नंबर एक को हमेशा यही जवाब देता हूं, मेरे जैसा, आप जैसा, मेरे जैसा।’ मोर्गन ने बटलर को टैग करके एक संदेश में लिखा, ‘सर आप मेरे पसंदीदा बल्लेबाज हो।’ ज्ञातव्य है कि बटलर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं जबकि मोर्गन कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान हैं।

रिपोर्ट के अनुसार इन ट्वीट के सटीक संदर्भ पर हालांकि सवालिया निशान लगा है, लेकिन ये ऐसे समय लिखे गए, जब बटलर और मोर्गन इंग्लैंड के स्थापित खिलाड़ी बन चुके थे और ऐसे में उन्होंने सोशल मीडिया में ऐसी आपत्तिजनक बातें की।

हम प्रासंगिक और उचित कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध : ईसीबी

इस बीच ईसीबी प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा कि इस मामले से उचित तरीके से निबटा जाएगा। प्रवक्ता ने कहा, ‘हमें पिछले सप्ताह आपत्तिजनक ट्वीट को लेकर सतर्क किया गया था, इसलिए अन्य खिलाड़ियों के पुराने सोशल मीडिया पोस्ट पर भी सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए गए हैं। हमारे खेल में भेदभाव के लिए कोई जगह नहीं है और जहां आवश्यक हो, हम प्रासंगिक और उचित कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

प्रवक्ता ने कहा, ‘सभी मामलों में तमाम तथ्यों को ध्यान में रखते हुए व्यक्तिगत आधार पर विचार किया जाएगा। हम इस बारे में आगे टिप्पणी करने से पहले ईसीबी बोर्ड के साथ मामलों का आकलन करेंगे।’

एंडरसन बोले – ‘मैं व्यक्ति के रूप में बदल गया हूं’

दूसरी तरफ पेसर जेम्स एंडरसन अपने ट्वीट के संदर्भ में ब्रिटिश मीडिया से कहा, ‘मेरे लिए ये 10-11 वर्ष पुरानी बात है और निश्चित तौर पर मैं एक व्यक्ति के रूप में बदल गया हूं। मुझे लगता है कि यही मुश्किल है। चीजें बदलती हैं, आप गलतियां करते हैं।’

एंडरसन 10 जून से बर्मिंघम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट के साथ ही इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक टेस्ट खेलने वाले क्रिकेटर बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि टीम इस तरह के मामलों को लेकर चिंतित है।

RELATED ARTICLES

Most Popular