उत्तर प्रदेश : जौनपुर के पास मालगाड़ी की 21 बोगियां पलटीं, वाराणसी-सुल्तानपुर रेल मार्ग पर रेल यातायात ठप

जौनपुर, 11 नवंबर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गुरुवार को पूर्वाह्न श्रीकृष्ण नगर (बदलापुर) रेलवे स्टेशन के समीप उदपुर घाटमपुर के पास सुल्तानपुर से मुगलसराय की ओर जा रही एक मालगाड़ी की 21 बोगियां पलट गईं। इसके चलते जौनपुर-वाराणसी रेल मार्ग पर रेल यातायात ठप हो गया और इस मार्ग पर कई रेलगाड़ियों को विभिन्न स्थानों पर रोकना पड़ा। दुर्घटना के मद्देनजर रेलवे ने कई ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया है।

उत्तर रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार मुगलसराय से कोयला लाने के लिए सुल्तानपुर से सुबह 06:58 बजे 59 बोगियों की मालगाड़ी रवाना हुई। मालगाड़ी श्रीकृष्ण नगर (बदलापुर) रेलवे क्रॉसिंग को पार करने के बाद 07:58 बजे उदपुर घाटमपुर के पास पहुंची थी, तभी अचानक कुछ बोगियां पटरी से उतर गईं। ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण आगे की 16 और पीछे की 21 बोगियों को छोड़कर शेष 21 बोगियां पलट गईं।

मालगाड़ी के चालक और गार्ड सकुशल

रेल अघिकारियों के अनुसार मालगाड़ी के चालक ए.के. चौहान और गार्ड संजय यादव सकुशल हैं। घटना के कारण वाराणसी-सुल्तानपुर रेल मार्ग जाम हो गया है। अंतिम समाचार मिलने तक इस मार्ग पर चल रहीं महामना एक्सप्रेस और सुल्तानपुर-जौनपुर-वाराणसी पैसेंजर रेलगाड़ी बीच में ही खड़ी हैं।

पीडब्ल्यूआई जौनपुर बृजेश यादव ने बताया कि बाक्सन मालगाड़ी के किसी डिब्बे का पहिया जाम होने के कारण यह घटना हुई है। घटना के कारण वाराणसी लखनऊ बाया जफराबाद रेललाइन पर ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया है। घटना की सूचना उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। स्थानीय रेलवे के अधिकारी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए है।

RELATED ARTICLES

Most Popular