Site icon hindi.revoi.in

दिल्ली : मालवीय नगर अग्निकांड के मृतकों में 13 विदेशी नागरिक शामिल, दूतावासों के संपर्क में भारत सरकार

Social Share

नई दिल्ली, 5 जून। दक्षिणी दिल्ली में मालवीय नगर इलाके के एक बहुमंजिला होटल फ्लोरिस इन के बेसमेंट में स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में गत बुधवार को पूर्वाह्न जो भीषण आग्निकांड हुआ था, उसमें जान गंवाने वाले 21 लोगों में 13 विदेशी नागरिक शामिल थे जबकि हादसे में 22 से अधिक विदेशी नागरिक घायल हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

हादसे में 22 से अधिक विदेशी नागरिक घायल

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यहां साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान बताया कि मृतकों में चार नागरिक नाइजीरिया, तीन किर्गिस्तान तथा एक-एक नागरिक मोजाम्बिक, लाइबेरिया, उज्बेकिस्तान, बांग्लादेश, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और इराक के थे।

उन्होंने कहा, ‘उपलब्ध जानकारी के अनुसार दिल्ली अग्निकांड में मरने वालों में 13 विदेशी नागरिक शामिल हैं। हम सभी संबंधित देशों के दूतावासों के संपर्क में हैं और उनकी जरूरतों के अनुसार हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।’ उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय स्थानीय प्रशासन और अस्पतालों के साथ समन्वय कर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रियाओं, चिकित्सा सहायता और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहा है। इस घटना में लगभग 22 विदेशी नागरिक घायल भी हुए हैं।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया था। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा था कि मालवीय नगर की अग्नि दुर्घटना में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है।

Exit mobile version