1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. ज्वेरेव ने रोलां गैरो में पहले ग्रैंड स्लैम खिताब के साथ रचा इतिहास, फ्रेंच ओपन ट्रॉफी उठाने वाले ओपन युग के पहले जर्मन पुरुष
ज्वेरेव ने रोलां गैरो में पहले ग्रैंड स्लैम खिताब के साथ रचा इतिहास, फ्रेंच ओपन ट्रॉफी उठाने वाले ओपन युग के पहले जर्मन पुरुष

ज्वेरेव ने रोलां गैरो में पहले ग्रैंड स्लैम खिताब के साथ रचा इतिहास, फ्रेंच ओपन ट्रॉफी उठाने वाले ओपन युग के पहले जर्मन पुरुष

0
Social Share

पेरिस, 7 जून। जर्मन टेनिस दिग्गज एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने रविवार की देर शाम यहां रोलां गैरो की लाल बजरीयुक्त सतह पर करिअर के पहले ग्रैंड स्लैम खिताब के साथ इतिहास रचा और ओपन युग में फ्रेंच ओपन ट्रॉफी उठाने वाले जर्मनी के पहले पुरुष एकल चैम्पियन बन बैठे।

इसमें कोई दो राय नहीं कि पिछले दो बार के चैम्पियन कार्लोस अल्काराज की चोट के चलते गैरमौजूदगी और विश्व नंबर एक यानिक सिनर व 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता नोवाक जोकोविच सरीखे सितारों की जल्द विदाई के चलते दूसरी सीड ज्वेरेव खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में करिअर का चौथा मेजर फाइनल खेलने उतरे थे।

ज्वेरेव को इतालवी फ्लेवियो कोबोली से 4 घंटे 16 मिनट तक जूझना पड़ा

लेकिन फिलिप चेट्रिएं सेंटर कोर्ट पर 29 वर्षीय ज्वेरेव को उम्र में पांच वर्ष छोटे व 10वीं सीड इतालावी फ्लेवियो कोबोली से पांच सेटों तक जूझना पड़ा, जो करिअर का पहला ग्रैंड स्लैम फाइनल खेल रहे थे। अंततः चार घंटे 16 मिनट तक खिंची कश्मकश 6-1, 4-6, 6-4, 6-7 (5), 6-1 से जीत हासिल करने के साथ ही ज्वेरेव इस कदर भावुक हो गए कि कोर्ट पर ही लेट गए और सिसक कर रोते हुए अपना चेहरा ढक लिया। फिर उठे और कोबोली से गले मिलने के बाद स्टैंड्स में जाकर परिजनों से लिपटकर खुशियां बांटीं।

करिअर के चौथे मेजर फाइनल में मिली पहली सफलता

कद में छह फुट छह इंच लंबे हैम्बर्गवासी ज्वेरेव का भावुक होना स्वाभाविक भी था। दरअसल, विश्व नंबर तीन स्टार को ग्रैंड स्लैम करिअर में पिछले सात वर्षों के दौरान खेले गए चौथे फाइनल में पहली सफलता मिली। उन्हें इससे पहले 2020 यूएस ओपन, 2024 फ्रेंच ओपन और 2025 ऑस्ट्रेलियाई ओपन में उपजेता ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा था।

पांच सेटों के मुकाबले का चौथा सेट टाईब्रेकर में कोबोली के नाम रहा

मुकाबले की बात करें तो ज्वेरेव ने पहला सेट आसानी से ले लिया। लेकिन दूसरे सेट में फ्लोरेंसवासी कोबोली ने वापसी करते हुए जीत हासिल की और सेट स्कोर 1-1 बराबर कर दिया। ज्वेरेव तीसरे सेट में फिर बीस छूटे। लेकिन चौथे में विश्व नंबर 14 कोबोली ने न सिर्फ कड़ी टक्कर दी वरन टाईब्रेकर 7-5 से यह सेट अपने नाम कर मुकाबला पांचवें व निर्णायक सेट में पहुंचा दिया। फिलहाल आखिरी सेट के पहले व तीसरे गेम में कोबोली की सर्विस छीनकर ज्वेरेव ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

रोलां गैरो में 89 वर्षों बाद कोई जर्मन पुरुष खिलाड़ी चैंपियन बना

वस्तुतः अलेक्जेंडर ज्वेरेव फ्रेंच ओपन जीतने वाले ओपन युग (1968) की शुरुआत से पहले जर्मन पुरुष खिलाड़ी हैं। 89 वर्ष पहले जर्मनी के हेनर हेंकेल ने 1937 में फ्रेंच ओपन ट्रॉफी जीती थी। वैसे ज्वेरेव से पहले बोरिस बेकर ग्रैंड स्लैम सिंगल्स का खिताब जीतने वाले आखिरी जर्मन खिलाड़ी थे। उन्होंने 1996 में ऑस्ट्रेलियाई ओपन जीती थी।

दिलचस्प तो यह है कि एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अब तक हर बड़े इवेंट में जीत हासिल की थी। उनके नाम मास्टर्स 1000 इवेंट्स के साथ ही दो एटीपी फाइनल्स की ट्रॉफी भी थी। टोक्यो में ज्वेरेव ने ओलम्पिक स्वर्ण भी जीता था, लेकिन उनके खाते में ग्रैंड स्लैम खिताब नहीं था।

टॉप सीड सिनिकोवा व टाउनसेंड ने जीती महिला युगल उपाधि

उधर चेक गणराज्य की कैटरिना सिनिकोवा व अमेरिकी टेलर टाउनसेंड की टॉप सीड जोड़ी ने  महिला युगल उपाधि अपने नाम कर ली। उन्होंने दूसरी वरीय कजाखस्तान की अन्ना डेनिलिना व सर्बिवयाई एलेक्जांड्रा क्रुनिच को एक घंटा 32 मिनट में 6-2,7-5 से हराकर सर्वजेता का गौरव अर्जित किया।

ये भी पढ़ें : मीरा एंड्रीवा बनीं रोलां गैरो की नई मलिका, इतिहास नहीं रच सकीं क्वालीफायर माया च्वालिंस्का

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code