1. Home
  2. हिंदी
  3. विश्व कप तीरंदाजी : झारखंड की दीपिका के नाम एक ही दिन में तीन स्वर्ण पदक, रचा इतिहास
विश्व कप तीरंदाजी : झारखंड की दीपिका के नाम एक ही दिन में तीन स्वर्ण पदक, रचा इतिहास

विश्व कप तीरंदाजी : झारखंड की दीपिका के नाम एक ही दिन में तीन स्वर्ण पदक, रचा इतिहास

0
Social Share

नई दिल्ली, 28 जून। अगले माह प्रस्तावित टोक्यो ओलंपिक खेलों में भारतीय चुनौती प्रस्तुत करने के लिए तैयार झारखंड की दिग्गज महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी ने विश्व कप स्टेज-थ्री तीरंदाजी प्रतियोगिता में जलवा बिखेरते हुए एक ही दिन तीन स्वर्ण पदक जीत कर इतिहास रच दिया।

दीपिका ने पेरिस में चल रही इस प्रतियोगिता में रविवार को पहले कोमोलिका बारी व अंकिता भक्त के साथ टीम स्पर्धा का स्वर्ण जीता। इसके बाद पति अतनु दास के साथ मिश्रित युगल रिकर्व में बाजी मारी और अंत में रूसी प्रतिद्वंद्वी को हराकर एकल में तीसरा सोना जीता।  इससे पहले शनिवार को कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में अभिषेक वर्मा ने भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता था।

एक ही दिन में तीन स्वर्ण जीतने वाली देश की पहली तीरंदाज

विश्व कप में एक ही दिन तीन स्वर्ण पदक जीतने वाली देश की पहली तीरंदाज बनीं दीपिका टोक्यो ओलंपिक में इकलौती भारतीय महिला तीरंदाज हैं। वह तीसरी बार खेलों के महाकुंभ में हिस्सा लेंगी।

सच पूछें तो एक पखवारा पहले पेरिस में ही हुई ओलंपिक क्वालीफाइंग प्रतियोगिता में खुद से निचली रैंकिंग की टीम से हार का गम दूर करते हुए भारतीय तिकड़ी ने पदक के लिए अपना जुनून दिखाया। दीपिका, कोमलिका और अंकिता ने फाइनल में ने मेक्सिको को 5-1 सेट में हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। कोमालिका व अंकिता टाटा आर्चरी अकादमी की हैं जबकि दीपिका टाटा आर्चरी अकादमी से निकलकर हाल ही में ओएनजीसी से जुड़ी हैं।

इसके बाद मिश्रित युगल रिकर्व के फाइनल में दीपिका ने पति अतनु दास के साथ मिलकर नीदरलैंड की जोड़ीको 5-3 से मात दी। दो स्वर्ण पदक जीतने के बाद बुलंद हौसले के साथ एकल में हिस्सा लेने उतरीं दीपिका ने फाइनल में रूस की प्रतिद्वंद्वी को 6-0 से धोकर रख दिया।

मुख्‍यमंत्री सोरेन ने दी बधाई

इस बीच झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस स्वर्णिम उपलब्धि पर दीपिका और उनकी टीम को बधाई दी है। सोरेन ने ट्वीट में लिखा, ‘अद्भुत! आज तीर-कमान बना रहा कीर्तिमान। तीरंदाजी विश्व कप के रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश को स्वर्णिम पल देने वाली दीपिका कुमारी और अतनु दास की जोड़ी को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार।’

मुख्यमंत्री ने एक और ट्वीट में लिखा, ‘तीरंदाजी विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित करने वाली झारखंड की बेटियों – दीपिका कुमारी, कोमोलिका बारी और अंकिता भगत को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार। पूरे देश और राज्य को आप पर गर्व है। जय झारखंड!’

ओलंपिक में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे खिलाड़ी अर्जुन मुंडा

दूसरी तरफ भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी इस सफलता पर टीम को बधाई दी है। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ‘दीपिका कुमारी, अतनु दास, कोमालिका एवं अंकिता को बहुत-बहुत बधाई। आज का दिन भारतीय तीरंदाजी के लिए स्वर्णिम था। आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात में दीपिका और प्रवीण जाधव जैसे खिलाड़ियों के संघर्ष का जिक्र कर रहे थे, उस समय दीपिका स्वर्ण पदक पर निशाना साध रही थीं। आशा करता हूं कि ओलंपिक में भी भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार होगा।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code