1. Home
  2. अपराध
  3. झारखंड : रांची में वाहन चेकिंग के दौरान पिकअप वैन से कुचल कर महिला दरोगा की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
झारखंड : रांची में वाहन चेकिंग के दौरान पिकअप वैन से कुचल कर महिला दरोगा की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

झारखंड : रांची में वाहन चेकिंग के दौरान पिकअप वैन से कुचल कर महिला दरोगा की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

0
Social Share

रांची, 20 जुलाई। झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार को तड़के एक महिला सब-इंस्पेक्टर की दर्दनाक मौत हो गई, जब वाहन चेकिंग के दौरान अपराधियों ने पिकअप वैन से उसे कुचल डाला। रांची एसएसपी ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही वाहन को भी सीज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रांची जिले के तुपुदाना में देर रात चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। तुपुदाना ओपी में बतौर प्रभारी तैनात महिला पुलिस अधिकारी संध्या टोपनो ने एक पिकअप वैन को रुकने का इशारा किया। लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी रोकने की बजाय उसे महिला दरोगा पर ही चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया। बुरी तरह घायल टोपनो को रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। घटना के कुछ देर बाद ही पुलिस ने चालक को मय वाहन गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष धनबाद में ऑटो से टक्कर मारकर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की हत्या का मामला भी सामने आया था। वारदात उस समय हुई, जब वह मॉर्निंग वॉक पर थे।

एक दिन पहले ही हरियाणा में डंफर से कुचल कर डीएसपी की हत्या हुई थी

अपराधियों का दुस्साहस कितना बढ़ गया है कि रांची की घटना से कुछ घंटे पहले हरियाणा अवैध पत्थर खनन की जांच कर रहे हरियाणा के तावड़ू के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुरेंद्र सिंह को नूंह में एक डंफर चालक ने कुचल कर मार डाला था। सुरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ तावड़ू के नजदीक पंचगांव में अरावली की पहाड़ियों से हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए छापेमारी की काररवाई करने गए थे।

डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने डंफर को दस्तावेजों की जांच के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रुकने की बजाय वाहन की गति बढ़ा दी और उन्हें कुचलते हुए निकल गया। इस दौरान डीएसपी के अंगरक्षक और उनके चालक ने सड़क के किनारे छलांग लगाकर जान बचाई, लेकिन इस घटना में सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code