मुंबई, आठ नवम्बर। दीपावली के अवसर पर आज अपराह्न भारतीय शेयर बाजार में पारंपरिक मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत रविवार का साप्ताहिक अवकाश पड़ने के बावजूद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में एक घंटे का विशेष कारोबारी सत्र आयोजित होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुहूर्त ट्रेडिंग दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगी।
शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग को बेहद शुभ माना जाता है
उल्लेखनीय है कि शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग को बेहद शुभ माना जाता है। यह केवल एक विशेष कारोबारी सत्र नहीं, बल्कि हिन्दू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक भी है। इसी कारण बड़ी संख्या में निवेशक इस दौरान सांकेतिक तौर पर शेयर खरीदते हैं और नए निवेश की शुरुआत करते हैं। मान्यता है कि लक्ष्मी पूजन के दिन किया गया निवेश आने वाले वर्ष में समृद्धि और शुभ फल प्रदान करता है।
नियमित मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र 2:20 बजे से 3:30 बजे तक
एक्सचेंजों द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, प्री-ओपनिंग सत्र दोपहर 2:05 बजे से 2.20 बजे तक चलेगा। ब्लॉक डील विंडो 1:50 बजे से 2:05 बजे तक खुली रहेगी। नियमित मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र 2:20 बजे से 3:30 बजे तक होगा। इसके बाद क्लोजिंग सेशन और पोस्ट-क्लोजिंग सेशन निर्धारित समय अनुसार संचालित किए जाएंगे।
निवेशकों के मनोबल और बाजार की सकारात्मक भावना से भी जुड़ा है मुहूर्त ट्रेडिंग का महत्व
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि मुहूर्त ट्रेडिंग का महत्व केवल धार्मिक और पारंपरिक नहीं है, बल्कि यह निवेशकों के मनोबल और बाजार की सकारात्मक भावना से भी जुड़ा हुआ है। कई दीर्घकालिक निवेशक इस दौरान अपने पोर्टफोलियो में नए शेयर जोड़ते हैं, जबकि कुछ निवेशक केवल शुभ शुरुआत के लिए सांकेतिक खरीदारी करते हैं।
दशकों पुरानी है भारतीय शेयर बाजार में यह परंपरा
विशेषज्ञों का कहना है कि मुहूर्त ट्रेडिंग में निवेश का निर्णय केवल शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि कम्पनी के मूलभूत प्रदर्शन, दीर्घकालिक संभावनाओं और निवेश लक्ष्य के आधार पर किया जाना चाहिए। हालांकि भारतीय शेयर बाजार में यह परंपरा दशकों पुरानी है और निवेशकों के बीच आज भी उतनी ही लोकप्रिय बनी हुई है।
पिछले लगातार 7 कारोबारी सत्रों में जबर्दस्त दीपावली धमाका देखने को मिला है
दिलचस्प तथ्य यह है कि दीपावली से पहले पिछले लगातार सात कारोबारी सत्रों में जबर्दस्त धमाका देखने को मिला और सेंसेक्स 7,781.99 अंक यानी 10.62 प्रतिशत चढ़ चुका है जबकि निफ्टी में 2,331.5 अंक यानी 10.27 प्रतिशत की तेजी आई है। पिछले कारोबारी सप्ताह की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स ने 6,568.49 अंक यानी 8.82 प्रतिशत की जोरदार बढ़त दर्ज की जबकि एनएसई निफ्टी ने कुल 1,977.25 अंक यानी 8.57 प्रतिशत की छलांग लगाई।
नवम्बर में इतने दिन बंद रहेगा शेयर बाजार
नवम्बर, 2026 में मुहूर्त ट्रेडिंग के अलावा शेयर बाजार कई अन्य अवसरों पर भी बंद रहेगा। दीपावली-बलिप्रतिपदा के अवसर पर 10 नवम्बर को बाजार में अवकाश रहेगा। इसके अलावा 24 नवम्बर को गुरु नानक देव प्रकाश पर्व के चलते भी बाजार बंद रहेगा। नियमित शनिवार और रविवार के अवकाश अलग रहेंगे।


