1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. विनेश फोगाट ने पूर्व WFI चीफ पर लगाए गंभीर आरोप, बोलीं- ‘बृजभूषण ने मेरा उत्पीड़न किया था, मैं उन 6 पीड़ितों में शामिल…’
विनेश फोगाट ने पूर्व WFI चीफ पर लगाए गंभीर आरोप, बोलीं- ‘बृजभूषण ने मेरा उत्पीड़न किया था, मैं उन 6 पीड़ितों में शामिल…’

विनेश फोगाट ने पूर्व WFI चीफ पर लगाए गंभीर आरोप, बोलीं- ‘बृजभूषण ने मेरा उत्पीड़न किया था, मैं उन 6 पीड़ितों में शामिल…’

0
Social Share

नई दिल्ली, 3 मई। ओलम्पियन पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती जगत में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि वह उन छह महिला खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।

भावुक वीडियो संदेश में व्यक्त की अपनी व्यथा

विश्व चैम्पियनशिप, राष्ट्रमंडल खेल व एशियाई खेल सहित अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में कई पदक जीत चुकीं 31 वर्षीय विनेश ने रविवार को जारी एक भावुक वीडियो संदेश में कहा कि वह अब तक अपनी पहचान उजागर नहीं करना चाहती थीं क्योंकि मामला अब तक अदालत में लंबित है, साथ ही सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देश पीड़ितों की पहचान गोपनीय रखने की बात करते हैं। लेकिन मौजूदा हालात खासतौर पर उनकी वापसी में आ रही बाधाओं ने उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया।

एशियाई खेलों से पहले गोंडा में चयन ट्रॉयल्स को लेकर जताई चिंता

विनेश फोगाट ने सीधे तौर पर डब्ल्यूएफआई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि 2026 एशियाई खेलों से पहले होने वाले ट्रायल्स को जान बूझकर उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित किया जा रहा है, जो बृजभूषण शरण सिंह का गढ़ माना जाता है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता एक निजी कॉलेज में कराई जा रही है, जिससे निष्पक्ष चयन की संभावना बेहद कम हो जाती है।

फोगाट ने कहा, ‘मैं खुद उन छह पीड़ितों में से एक हूं, जिन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी और जिनकी गवाही अभी चल रही है। ऐसे माहौल में किसी खिलाड़ी के लिए पूरी क्षमता से प्रदर्शन करना बेहद मुश्किल है।’

WFI के कामकाज पर अब भी बृजभूषण का प्रभाव

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भले ही बृजभूषण शरण सिंह अब आधिकारिक पद पर नहीं हैं, लेकिन WFI के कामकाज पर उनका प्रभाव अब भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मैचों में रेफरी कौन होगा और किसे कितने अंक मिलेंगे, इन सब पर उनके करीबी लोगों का असर हो सकता है।

उल्लेखनीय है कि यह पूरा विवाद 2023 में उस वक्त सुर्खियों में आया था, जब विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया जैसे शीर्ष पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर लंबे समय तक धरना दिया था। उस दौरान पहलवानों के साथ पुलिस की काररवाई ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आलोचना झेली थी और अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति तक ने इस मामले पर चिंता जताई थी।

हालांकि, बृजभूषण शरण सिंह ने लगातार इन आरोपों से इनकार किया है। एक मामले में उन्हें राहत भी मिली, लेकिन विनेश फोगाट और अन्य महिला पहलवानों से जुड़े केस में यौन उत्पीड़न और पीछा करने जैसे गंभीर आरोपों पर सुनवाई अब भी जारी है।

18 माह के ब्रेक के बाद मैट पर वापसी की तैयारी कर रहीं फोगाट

अहम तथ्य यह है कि करीब 18 महीने के ब्रेक के बाद विनेश फोगाट मैट पर वापसी की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे माहौल में गोंडा जाकर मुकाबला करना उनके लिए मानसिक और भावनात्मक रूप से बेहद कठिन होगा। विनेश के इस खुलासे ने एक बार फिर भारतीय खेल तंत्र, खिलाड़ियों की सुरक्षा और कुश्ती संघ की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब नजरें इस बात पर हैं कि सरकार और खेल मंत्रालय पूरे मामले में क्या रुख अपनाते हैं।

 

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code