विक्रम दोराईस्वामी चीन में भारत के अगले राजदूत नियुक्त, कई देशों में संभाल चुके हैं जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 19 मार्च। भारतीय विदेश सेवा (IFS) के 1992 बैच के अधिकारी और विक्रम दोराईस्वामी को चीन में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय की ओर से गुरुवार को यह जानकारी दी गई। दोराईस्वामी संप्रति ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त हैं। उम्मीद है कि वह जल्द ही चीन में अपनी जिम्मेदारी संभाल लेंगे।
दोराईस्वामी 1992 में भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुए। उससे पहले, उन्होंने एक साल तक पत्रकारिता की। विदेश मंत्रालय के अनुसार उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में मास्टर डिग्री ली। 1992-1993 में नई दिल्ली में अपनी इन-सर्विस ट्रेनिंग पूरी करने के बाद दोराईस्वामी मई 1994 में हांगकांग में भारतीय दूतावास में थर्ड सचिव नियुक्त हुए। उन्होंने हांगकांग के चीनी विश्वविद्यालय के न्यू एशिया येल-इन-एशिया लैंग्वेज स्कूल से चीनी भाषा में डिप्लोमा पूरा किया।
सितम्बर, 1996 में दोराईस्वामी को बीजिंग में भारतीय दूतावास में नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने लगभग चार वर्षों तक जिम्मेदारी संभाली। फिर 2000 में नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय में लौटने पर, दोराईस्वामी ने डिप्टी चीफ ऑफ प्रोटोकॉल (ऑफिशियल) नियुक्त की भूमिका निभाई। दो वर्ष बाद उन्हें प्रधानमंत्री के ऑफिस में प्रमोट किया गया। बाद में उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री के निजी सचिव के तौर पर काम किया।
वर्ष 2006 में दोराईस्वामी ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में राजनीतिक सलाहकार के तौर पर और अक्टूबर, 2009 में जोहानेसबर्ग (दक्षिण अफ्रीका) में भारत के महावाणिज्य दूत के तौर पर कार्यभार संभाला। जुलाई, 2011 में दोराईस्वामी नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय में वापस आ गए, जहां उन्होंने साउथ एशियन एसोसिएशन फॉर रीजनल कोऑपरेशन (एसएएआरसी) विभाग का नेतृत्व किया। इस दौरान वह मार्च, 2012 में नई दिल्ली में चौथे ब्रिक्स समिट के कोऑर्डिनेटर भी थे।
विक्रम दोराईस्वामी इसके बाद अक्टूबर, 2012 से अक्टूबर, 2014 तक विदेश मंत्रालय के अमेरिकी विभाग में संयुक्त सचिव थे। अप्रैल, 2015 में कोरिया में भारत के राजदूत नियुक्त होने से पहले वह अक्टूबर, 2014 में उज्बेकिस्तान में भारत के राजदूत बने। इसके बाद जुलाई, 2018 में हेडक्वार्टर लौट आए और बांग्लादेश व म्यांमार विभाग के प्रमुख के तौर पर काम किया।
दोराईस्वामी चीनी, फ्रेंच और कोरियाई भाषा बोलने में काफी सहज
अप्रैल, 2019 में उन्हें हिन्द-प्रशांत क्षेत्र के लिए विदेश मंत्रालय में एक नया विभाग बनाने का काम सौंपा गया। दिसम्बर, 2019 में प्रमोशन के बाद उन्हें अंतरराष्ट्रीय संगठन और समिट के लिए अतिरिक्त सचिव बनाया गया। ब्रिटेन से पहले उन्होंने पांच अक्टूबर, 2020 को बांग्लादेश में भारतीय हाई कमिश्नर का पद संभाला था। उल्लेखनीय तथ्य यह है कि विक्रम दोराईस्वामी चीनी, फ्रेंच और कोरियाई भाषा बोलने में काफी सहज हैं।
