1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : प्रभसिमरन-श्रेयस के सामने डिकॉक का शतक व्यर्थ, MI पर बड़ी जीत से अजेय PBKS शीर्ष पर पहुंचा
आईपीएल-19 : प्रभसिमरन-श्रेयस के सामने डिकॉक का शतक व्यर्थ, MI पर बड़ी जीत से अजेय PBKS शीर्ष पर पहुंचा

आईपीएल-19 : प्रभसिमरन-श्रेयस के सामने डिकॉक का शतक व्यर्थ, MI पर बड़ी जीत से अजेय PBKS शीर्ष पर पहुंचा

0
Social Share

मुंबई, 16 अप्रैल। संजू सैमसन के बाद टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IL-19) के मौजूदा सत्र का दूसरा शतक गुरुवार की रात यहां वानखेड़े स्टेडियम में क्विंटन डिकॉक (नाबाद 112 रन, 60 गेंद, सात छक्के, आठ चौके) के बल्ले से निकला। लेकिन प्रभसिमरन सिंह (नाबाद 80 रन, 39 गेंद, दो छक्के, 11 चौके) व कप्तान श्रेयस अय्यर (66 रन, 35 गेंद, चार छक्के, पांच चौके) ने दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज के प्रयासों पर पानी फेर दिया और पंजाब किंग्स (PBKS) ने पांच बार के पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) को 21 गेंदों के शेष रहते सात विकेट की बड़ी शिकस्त देने के साथ खुद को अंक तालिका में पहली बार शीर्ष पर ला खड़ा किया।

क्विंटन व नमन की शतकीय भागीदारी से 195 रनों तक पहुंची मुंबइया टीम

चोटिल रोहित शर्मा की जगह एकादश में वापसी करने वाले क्विंटन डिकॉक के विस्फोटक शतक और नमन धीर (50 रन, 31 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) संग तीसरे विकेट के लिए 68 गेंदों पर उनकी 122 रनों की भागीदारी का ही परिणाम था कि पहले बल्लेबाजी पर बाध्य मुंबइया टीम ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अर्शदीप सिंह (3-22) के सामने 12 रनों पर ही दो शीर्ष बल्लेबाजों को खोने के बावजूद छह विकेट पर खोकर 195 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंच सकी थी।

प्रभसिमरन व श्रेयस ने 139 रनों की तूफानी साझेदारी से पंजाब की जीत पक्की की

लेकिन पावर प्ले में दो विकेट खोने के बावजूद पंजाब किंग्स को ओपनर प्रभसिमरन व श्रेयस का सहारा मिला। इस क्रम में प्रभसिमरन ने जहां लगातार दूसरा पचासा जड़ा वहीं अय्यर के बल्ले से लगातार चौथा पचासा निकला और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 67 गेंदों पर हुई 139 रनों की भारी भरकम साझेदारी से मेहमानों ने 16.3 ओवरों में तीन विकेट पर ही 198 रन बनाकर प्रभावी जीत हासिल कर ली।

पंजाब किंग्स ने RCB व RR को पछाड़ा, MI की लगातार चौथी हार

मौजूदा सत्र में अब तक अजेय रहे इकलौते दल पंजाब किंग्स ने चौथी जीत के सहारे नौ अंकों के साथ आरसीबी व राजस्थान रॉयल्स (दोनों आठ-आठ अंक) को पछाड़ते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। चार जीत के अलावा पंजाब किंग्स ने बारिश के चलते कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बारिस से रद हुए मैच में भी एक अंक हासिल किया था। वहीं अपने पहले मैच में केकेआर पर जीत के बाद मुंबई इंडियंस को लगातार चौथी पराजय झेलनी पड़ी और मात्र दो अंक लेकर वह फिसड्डी केकेआर के ठीक पहले नौवें स्थान पर है।

डिकॉक IPL की तीन टीमों के लिए शतक बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने

जहां तक क्विंटन डिकॉक का सवाल है तो रोहित शर्मा के चोटिल होने से उन्हें इस सत्र का अपना पहला मैच खेलने का मौका मिला और इस अवसर को उन्होंने जाया भी नहीं किया। वह IPL की तीन अलग-अलग टीमों के लिए शतक बनाने वाले केवल तीसरे बल्लेबाज बन गए। इसके पहले वह लखनऊ सुपर जाएंट्स व दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए भी शतक ठोक चुके हैं। यह कारनामा करने वाले दो अन्य बल्लेबाज केएल राहुल व संजू सैमसन हैं।

अर्शदीप ने विपक्षी बल्लेबाजों पर दवाब बनाने में PBKS की अगुआई की

फिलहाल डिकॉक व तीसरे क्रम पर उतरे नमन धीर की शतकीय भागीदारी छोड़ दें तो ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अर्शदीप सिंह ने विपक्षी बल्लेबाजों पर दवाब बनाने में PBKS की अगुआई की। इस क्रम में उन्होंने नई गेंद को स्विंग कराते हुए पारी के तीसरे ही ओवर में लगातार गेंदों पर रियान रिकेल्टन (दो रन) व सूर्यकुमार यादव (शून्य) को निबटा दिया। फिर पुरानी गेंद को रिवर्स स्विंग किया और बीच के ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी की।

प्रभसिमरन व श्रेयस ने मुंबई इंडियंस को वापसी का मौका नहीं दिया

चुनौतीपूर्ण लक्ष्य के सामने पंजाब किंग्स को भी ठोस शुरुआत नहीं मिली क्योंकि अल्लाह गज़नफर (2-31) ने पावरप्ले के भीतर प्रियांश आर्य (15 रन, नौ गेंद, एक छक्का, दो चौके) व कूपर कोनोली (17 रन, 12 गेंद, दो छक्के, एक चौका) को निकाल दिया था। लेकिन प्रभसिमरन व अय्यर ने इसके बाद बखूबी मोर्चा संभालते हुए टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया।

स्कोर कार्ड

धीर और डिकॉक की तरह ही प्रभसिमरन को भी 11 रनों के स्कोर पर एक जीवनदान मिला, लेकिन इसके बाद आक्रामक प्रहारों से उन्होंने IPL 2026 की अपनी कुल रन संख्या 122 गेंदों पर 211 रनों तक पहुंचा दी। यह पहला मौका था, जब वह आईपीएल में किसी सफल लक्ष्य-प्राप्ति (run-chase) के दौरान अंत तक नाबाद रहे।

हालांकि शार्दुल ठाकुर (1-42) ने 16वें ओवर में श्रेयस को आउट कर शतकीय भागीदारी तोड़ी। लेकिन तब टीम जीत से सिर्फ 12 रनों के फासले पर थी। प्रभसिमरन का साथ देने उतरे मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 10 रन, पांच गेंद, दो चौके) ने अगले ओवर में दीपक चाहर पर दो चौके जड़ते हुए जीत की औपचारिकता पूरी कर दी।

शुक्रवार का मैच : गुजरात टाइटंस बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (अहमदाबाद, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code