1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में यूपी के सीएम योगी की हुंकार- यूपी मॉडल से सुधरेगी बंगाल की स्थिति
पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में यूपी के सीएम योगी की हुंकार- यूपी मॉडल से सुधरेगी बंगाल की स्थिति

पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में यूपी के सीएम योगी की हुंकार- यूपी मॉडल से सुधरेगी बंगाल की स्थिति

0
Social Share

कोलकाता, 16 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में हुंकार भरते हुए कहा के उत्तर प्रदेश मॉडल से पश्चिम बंगाल की स्थिति सुधरेगी। उन्होंने बाराबनी, रामपुरहाट और बोलपुर विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाएं करते हुए कांग्रेस, वामपंथियों और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए।

डबल इंजन सरकार आने दीजिए, गुंडे झाड़ू लगाते दिखेंगे’

सीएम योगी ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि टीएमसी के गुंडों और माफिया से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने पर यही लोग जनता की चाटुकारिता करते नजर आएंगे और सड़कों पर झाड़ू लगाते दिखेंगे।

सभा रोकने के आरोप, भाजपा को जिताने की अपील

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यक्रम के दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं ने लोगों को परेशान किया और सभा रोकने के लिए भाजपा के झंडे उखाड़ने की कोशिश की। उन्होंने जनता से भाजपा प्रत्याशियों को जिताने और राज्य में बदलाव लाने की अपील की।

टीएमसी पर ‘माफियाराज’ और भ्रष्टाचार के आरोप

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टीएमसी आज आतंक, माफियाराज और भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सैंड, कोयला और जमीन माफिया सक्रिय हैं और केंद्र की योजनाओं का पैसा भी जनता तक नहीं पहुंच पाता।

यूपी मॉडल का जिक्र, कानून-व्यवस्था पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि नौ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति भी खराब थी, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ। उन्होंने दावा किया कि यूपी में अब दंगे, कर्फ्यू और अपराध पर नियंत्रण है और सख्त काररवाई से अपराधियों में डर है।

धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर भी साधा निशाना

उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में त्योहारों के दौरान उपद्रव होते हैं, जबकि यूपी में पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर बंगाल को फिर से सांस्कृतिक पहचान दिलाई जाएगी।

राम मंदिर और राष्ट्रीय मुद्दों का जिक्र

यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनना भाजपा की प्रतिबद्धता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बड़े फैसले मजबूत नेतृत्व में ही संभव होते हैं।

बंगाल की पुरानी पहचान का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय पश्चिम बंगाल देश का सांस्कृतिक और आर्थिक केंद्र था, लेकिन अब यह अपराध और अराजकता का केंद्र बन गया है। उन्होंने राज्य को फिर से ‘कल्चरल कैपिटल’ बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती रवींद्रनाथ टैगोर, स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महान व्यक्तित्वों की भूमि रही है।

घुसपैठ और तुष्टिकरण पर हमला

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, वामपंथियों और टीएमसी ने तुष्टिकरण की राजनीति के कारण राज्य में घुसपैठ को बढ़ावा दिया है। भाजपा सरकार बनने पर ऐसी गतिविधियों पर सख्त रोक लगेगी। बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है और भाजपा के समर्थन में खड़ी है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा सरकार बनने पर राज्य में कानून-व्यवस्था सुधरेगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा और विकास को गति मिलेगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code