श्रीनगर, 19 अगस्त। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर का दौरा किया। इस यात्रा दौरान उन्होंने श्रीनगर में राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की और फिर स्पष्ट शब्दों में कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का एक बेहद अहम हिस्सा है। उल्लेखनीय है कि अनुच्छेद 370 हटने और हालिया सुरक्षा घटनाओं के बाद किसी अमेरिकी राजदूत का यह पहला कश्मीर दौरा है.
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ की अहम बैठक
श्रीनगर पहुंचने के बाद सर्जियो गोर ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए सर्जियो गोर ने कहा, ‘इस बैठक का मुख्य केंद्र कश्मीर के विकास से जुड़े मुद्दे और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है। दोनों देशों के बीच आपसी साझेदारी को और मजबूत करने के नए अवसरों पर भी चर्चा की गई।’
Appreciated the opportunity to meet with Jammu & Kashmir Chief Minister @OmarAbdullah and to learn more about his priorities. We discussed ways to deepen economic collaboration and create opportunities that would mutually benefit both of our nations. pic.twitter.com/dmLnyBHjc9
— Ambassador Sergio Gor (@USAmbIndia) August 19, 2026
कश्मीर घाटी की अपनी पहली यात्रा पर सर्जियो गोर ने कहा, ‘यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह भारत का एक अहम हिस्सा है। मैं यहां पहली बार आया हूं। यह जगह बहुत खूबसूरत है। मैं यहां आकर और इस जगह को देखकर बहुत उत्साहित हूं।’
‘हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक’
उन्होंने कहा, ‘हमारी बहुत अच्छी मुलाक़ात हुई। कुछ आगे की बातें भी हैं, जिन्हें हम वॉशिंगटन और दिल्ली ले जाएंगे। लेकिन यह मुलाकात बहुत गर्मजोशी भरी और दोस्ताना रही। हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।’
अमेरिकी राजदूत का यह दौरा कूटनीतिक रूप से बेहद खास माना जा रहा है। दरअसल, पिछले डेढ़ दशक से अधिक की अवधि में यह पहला मौका है, जब किसी सेवारत अमेरिकी राजदूत और जम्मू-कश्मीर के किसी मुख्यमंत्री के बीच सीधी बैठक हुई है। इससे पहले साल 2011 में तत्कालीन अमेरिकी दूत टिमोथी रोमर ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की थी। इसके साथ ही वर्ष 2018 के बाद यह किसी अमेरिकी राजदूत का पहला स्वतंत्र कश्मीर दौरा है। इस यात्रा के बाद अमेरिकी दूत के लद्दाख जाने का भी कार्यक्रम तय किया गया है।
वॉशिंगटन हमारी समस्याएं हल नहीं करेगा – उमर अब्दुल्ला
हालांकि सर्जियो गोर के विपरीत मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस पर ज्यादा प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है। मीडिया से बातचीत में उमर अब्दुल्ला ने दो टूक शब्दों में कहा कि वॉशिंगटन उनकी समस्याओं को हल नहीं करने वाला है बल्कि केंद्र सरकार ही उनका समाधान करेगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि वे अमेरिकी दूत के सामने किसी भी तरह की शिकायतें लेकर नहीं जाने वाले हैं। उनका मानना है कि स्थानीय मुद्दों का समाधान देश के अंदर से ही निकलेगा।
It was a pleasure to receive @USAmbIndia Sergio Gor in Srinagar today. We had a very good conversation about the possibilities that exist to widen & deepen the engagement between J&K & the United States of America, particularly in areas like tourism, horticulture & the new… pic.twitter.com/VsJdJSbzJg
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) August 19, 2026
सीएम उमर अब्दुल्ला ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा श्रीनगर में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का स्वागत करना उनके लिए बेहद सुखद रहा। बैठक के दौरान जम्मू-कश्मीर और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच विशेष रूप से पर्यटन, बागवानी और नई अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में आपसी जुड़ाव को और अधिक बढ़ाने और गहरा करने की संभावनाओं पर बहुत अच्छी चर्चा हुई। उन्होंने इस जुड़ाव को निरंतर जारी रखने और बातचीत को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी माने जाने वाले सर्जियो गोर इस यात्रा के दौरान स्थानीय व्यापार संगठनों और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों से भी बातचीत कर सकते हैं। हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस दौरे से दोनों देशों के बीच आर्थिक और कूटनीतिक रिश्तों को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


