कोलकाता : 5 मंजिली इमारत में भीषण आग से बांग्लादेशी नागरिकों सहित 9 मरे, बिल्डिंग में कई होटल

कोलकाता, 19 अगस्त। कोलकाता में न्यू मार्केट थाना अंतर्गत मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला बिल्डिंग में, जिसमे कई होटल भी हैं, मंगलवार मध्यरात्रि बाद भीषण आग लग गई। हादसे में कुछ बांग्लादेशी नागरिकों सहित नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, इनमें दो महिलाएं और एक चार साल का बच्चा भी शामिल है। ये सभी बेहोशी की हालत में मिले थे। छह लोग घायल हुए हैं। कोलकाता पुलिस के अनुसार 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

दरअसल मध्यरात्रि बाद लगभग दो बजे बिल्डिंग में स्थित होटल ‘शिका इन’ (Shika Inn) में जब आग लगी तो उस वक्त होटलों में ज्यादातर लोग सो रहे थे। बिल्डिंग में धुआं भरने के कारण उनका दम घुटने लगा। मरने वालों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

आग की सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। घने धुएं के कारण दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत अब भी काफी गर्म है, इसलिए कूलिंग का काम जारी है। शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल और उद्योग मंत्री तापस रॉय घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

पश्चिम बंगाल के मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा, ‘अब तक नौ लोगों की मौत होने की जानकारी है। आग लगने के पीछे का मुख्य कारण अभी पता नहीं चल पाया है। फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद ही आग का मुख्य कारण पता चल पाएगा। हम लोग तुरंत आ गए और लोगों को बचाया वरना 100 लोगों की मौत हो सकती थी।’

कौशिश चौधरी ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि लोगों की मौत धुए के कारण हुआ है। इस मामले में जरूर काररवाई होगी। नौ लोगों की मौत हो गई, हम लोग जरूर काररवाई करेंगे। बल्कि को होटल बनाने का लाइसेंस कहां से मिला, हम लोग पूरी जांच करेंगे और फिर काररवाई होगी। अब अंदर कोई नहीं फंसा है।’

इलाज के लिए आए थे बांग्लादेशी नागरिक

अग्निशमन विभाग ने घटना के बाद बयान जारी करते हुए कहा कि अगलगी की यह घटना कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में हुई, जहां तड़के करीब दो बजे आग लग गई और तुरंत ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। नौ लोगों की मौके पर मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। मरने वाले बांग्लादेशी नागरिक थे, जो इलाज के लिए यहां आए थे।

बीरभूम के होटल में भी लगी थी आग

गौरतलब है कि बीते सोमवार को इसी तरह का हादसा बीरभूम जिले में भी सामने आया था, जहां एक चार मंजिला होटल में आग लगने से सात लोगों को मौत हो गई थी। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। उस समय सावन का सोमवार होने के कारण होटल तीर्थयात्रियों से पूरी तरह भरा हुआ था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular