UP में आज से UPTET शुरू, 955 केंद्रों पर 20 लाख अभ्यर्थी, CM योगी खुद कर रहे निगरानी
लखनऊ, 2 जुलाई। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का आज से आगाज हो गया है। 2 से 4 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा में प्रदेश के 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर करीब 20 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं पूरी परीक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
UPTET परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम
UPTET परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। हर केंद्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जा रही है, जबकि कंट्रोल रूम से भी लगातार मॉनिटरिंग हो रही है। हाल के वर्षों में पेपर लीक की घटनाओं को देखते हुए इस बार सरकार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। यही वजह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं परीक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों को लगातार आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा नियमों के तहत चूड़ी, अंगूठी, कड़े समेत अन्य धातु के आभूषण गेट पर ही उतरवाए जा रहे हैं।
अभ्यर्थियों को केवल ये सामान ही परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति है—
1-एडमिट कार्ड
2-वैध फोटो पहचान पत्र
3-तीन पासपोर्ट साइज फोटो
4-पेन और पेंसिल
इसके अलावा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल घड़ी, गॉगल्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। यदि कोई अभ्यर्थी पानी की बोतल लेकर आता है तो वह पारदर्शी (ट्रांसपेरेंट) और बिना लेबल वाली सफेद बोतल ही होनी चाहिए।
60 जिलों के 955 केंद्रों पर होगी परीक्षा
UPTET 2026 की परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को अलग-अलग शिफ्टों में आयोजित की जा रही है। प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर करीब 20 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इन अभ्यर्थियों में करीब 1.75 लाख ऐसे शिक्षक भी शामिल हैं जो वर्तमान में स्कूलों में पढ़ा रहे हैं, लेकिन अभी तक TET उत्तीर्ण नहीं कर पाए हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद TET पास करना जरूरी
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार बिना TET उत्तीर्ण किए कोई भी शिक्षक स्थायी रूप से शिक्षक पद पर नहीं रह सकता। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2010 से पहले नियुक्त हुए करीब पौने दो लाख शिक्षक ऐसे हैं जिन्हें अपनी नौकरी जारी रखने के लिए निर्धारित अवधि के भीतर TET परीक्षा पास करनी होगी।
पढ़ा रहे शिक्षकों को पर्याप्त अवसर मिलेंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) को निर्देश दिए हैं कि पहले से कार्यरत शिक्षकों को TET उत्तीर्ण करने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसी भी शिक्षक को केवल अवसर की कमी के कारण कठिनाई का सामना न करना पड़े।
अभ्यर्थियों की सबसे बड़ी चिंता- पेपर लीक न हो
परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे अभ्यर्थियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया। हालांकि अधिकांश परीक्षार्थियों का कहना है कि उनकी सबसे बड़ी चिंता पेपर लीक को लेकर है। अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार की ओर से किए गए सख्त इंतजामों से उम्मीद है कि इस बार परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष होगी और उनकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी।
