1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला : फैजाबाद बार एसोसिएशन का विरोध मार्च, चंपत राय समेत चार के खिलाफ FIR की मांग
राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला : फैजाबाद बार एसोसिएशन का विरोध मार्च, चंपत राय समेत चार के खिलाफ FIR की मांग

राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला : फैजाबाद बार एसोसिएशन का विरोध मार्च, चंपत राय समेत चार के खिलाफ FIR की मांग

0
Social Share

अयोध्या, 2 जुलाई। राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन मामले को लेकर फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने बृहस्पतिवार को विरोध मार्च निकालकर श्रीराम जन्मभूमि थाने में शिकायत दर्ज कराई। वकीलों ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा, गोपाल राव और पहले दर्ज मामले के शिकायतकर्ता कृष्ण मोहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने बताया कि वकीलों ने अदालत परिसर से श्रीराम जन्मभूमि थाने तक मार्च निकाला और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। मार्च के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि धक्का-मुक्की में उन्हें मामूली चोटें भी आईं। थाने पहुंचने के बाद कई वकील थाना प्रभारी के कार्यालय में एकत्र हो गए और तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग करने लगे।

पुलिस अधिकारियों ने वकीलों को आश्वस्त किया कि शिकायत की जांच कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कालिका प्रसाद मिश्रा ने कहा कि यदि शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है तो बार एसोसिएशन आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि शिकायत की पावती लेने के लिए पांच सदस्य थाने गए हैं और यदि पावती नहीं दी जाती है तो विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

गौरतलब है कि यह विवाद उस समय चर्चा में आया था जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन का आरोप लगाया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई और आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का बयान भी दर्ज किया गया था। उन्होंने हाल ही में इस मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए महासचिव पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code