1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. UP Weather Update: यूपी में कड़ाके की ठंड जारी, बार‍िश के बाद मौसम बदलने के आसार
UP Weather Update: यूपी में कड़ाके की ठंड जारी, बार‍िश के बाद मौसम बदलने के आसार

UP Weather Update: यूपी में कड़ाके की ठंड जारी, बार‍िश के बाद मौसम बदलने के आसार

0
Social Share

लखनऊ, 12 जनवरी। यूपी की राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के जिलों में कड़ाके की ठंड का असर आज गुरुवार से कुछ कम होने वाला है। बुधवार की रात जहां कुछ ज‍िलों में घने कोहरा नजर आया वहीं गुरुवार की सुबह मौसम कुछ साफ रहा। रात में सभी गाड़ियां रेंग रेंग कर चल रही थीं। मौसम विभाग ने गुरुवार की सुबह घने कोहरे की चेतावनी के बाद शनिवार तक मौसम में ठंड से कुछ हद तक राहत के आसार जताए हैं। पश्चिमी यूपी में बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी का पूर्वानुमान भी है।

आंचलिक विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक दानिश के अनुसार, गुरुवार की सुबह भी राजधानी समेत तराई बेल्ट के जिलों और पूर्वांचल में घने कोहरे के लिए 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार तक तापमान में दो से पांच डिग्री तक बढ़ोतरी के साथ सर्दी से कुछ राहत मिलेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दो दिनों तक बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी भी होगी।

शुक्रवार को प्रदेश भर में बदली के आसार हैं। शनिवार के बाद एक बार दोबारा तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। बता दें क‍ि बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतर क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सर्वाधिक तापमान झांसी में 27 डिग्री सेल्सियस और चुर्क में 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य अधिकतर जिलों का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम पर रहा। हालांकि न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

सबसे कम तापमान कानपुर में 4.8 डिग्री सेल्सियस और हमीरपुर में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा रह सकता है। कुछ जगहों पर बदली भी छाई रहती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बूंदाबांदी के आसार हैं। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।

पिछले 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की वर्षा व बर्फबारी हुई है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश व बिहार में घना कोहरा छाया रहा। कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति देखी गई। अगले 24 घंटे में लद्दाख, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में हल्की से मध्यम वर्षा व बर्फबारी हो सकती है। पंजाब व उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है और घना कोहरा छा सकता है। कानपुर मंडल में गलन वाली सर्दी बढ़ने के आसार हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code