Homeराज्यउत्तरप्रदेशUP Weather Update : यूपी के प्रयागराज समेत कई जिलो में शीतलहर...

UP Weather Update : यूपी के प्रयागराज समेत कई जिलो में शीतलहर का प्रकोप तेज, तापमान में लगातार गिरावट

लखनऊ, 8 दिसंबर। दिसंबर महीने की शुरुआत में सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश के कई जिले शीतलहर की चपेट में आए, जिससे तापमान में गिरावट देखी गई। खासकर पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में सर्दी का सितम देखा जाने लगा है। लोग गर्म कपड़ों और आग के जरिए ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। ठंड की लहर प्रयागराज में भी दस्तक दे चुकी है।

स्थानीय लोगों ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा कि पहाड़ों से चली शीतलहर के कारण यहां ठंड बढ़ गई है। हम पहले टहलने जाते थे लेकिन ठंड बढ़ने के कारण टहलने नहीं गए। एक व्यक्ति ने कहा कि पिछले दो-तीन दिन में ठंड अधिक बढ़ी है, जिसके कारण सुबह बहुत कम लोग घर से बाहर निकल पाते हैं। आने वाले दिनों में यह ठंड और बढ़नी है, ऐसे में बचाव करना जरूरी है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह साढ़े 9 बजे तक प्रयागराज में 13.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। लगभग दो किलोमीटर प्रति घंटा से ठंडी हवाएं चली हैं। प्रयागराज के अलावा, बहराइच में तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस, लखनऊ में तापमान 16 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर में 14.4 डिग्री सेल्सियस, बरेली में 14 डिग्री सेल्सियस और झांसी में 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश संभाग में मौसम शुष्क रहने और सुबह के समय कहीं-कहीं कम से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान लगाया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में मौसम शुष्क रहा। उत्तर प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा देखा गया। प्राप्त आंकड़ों में प्रदेश में न्यूनतम दृश्यता 600 मीटर कई जगहों पर दर्ज की गई। शनिवार को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस अयोध्या में दर्ज किया गया। हालांकि, राज्य में सबसे अधिक तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस कानपुर में रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments