नई दिल्ली, 29 नवंबर। समाजवादी पार्टी (सपा) ने संसद के विशेष सत्र को लेकर अपने लोकसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सभी सांसदों को 30 नवंबर से तीन दिसंबर तक सदन की कार्यवाही में पूरे समय उपस्थित रहने और परिसीमन से जुड़े विधेयकों के विरोध में मतदान करने का निर्देश दिया है।
सपा के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव की ओर से जारी व्हिप में कहा गया है कि विशेष सत्र के दौरान सरकार संविधान (एक सौ बत्तीसवां संशोधन) विधेयक-2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक-2026 और संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक-2026 पेश करने जा रही है। ऐसे में पार्टी के सभी सांसदों को सदन में उपस्थित रहना और मतदान के दौरान इन विधेयकों के खिलाफ वोट देना अनिवार्य होगा। बता दें कि संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल विशेष सत्र के पहले दिन सोमवार को लोकसभा में संशोधित परिसीमन विधेयक-2026 पेश करेंगे। सपा इस विधेयक का विरोध कर रही है।
अखिलेश ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में बदलावों को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी दिए जाने पर केंद्र सरकार की आलोचना की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी भाजपा का ध्यान देश की सुरक्षा के बजाय चुनावी गणित पर केंद्रित है। अखिलेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भाजपा के लिए चुनाव ही सब कुछ है, देश नहीं। उसे देश की सीमाओं की चिंता नहीं, बल्कि लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं की चिंता है।
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है। ऐसे में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने या निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करने से उसे कोई फायदा नहीं होने वाला। उन्होंने दावा किया कि किसान, मजदूर, व्यापारी, युवा, महिलाएं, मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोग भाजपा के खिलाफ हैं।
परिसीमन को बताया भाजपा की बड़ी राजनीतिक भूल
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा विशेष सत्र परिसीमन के लिए नहीं, बल्कि कुछ दिनों तक जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाने के लिए बुला रही है। उन्होंने कहा कि परिसीमन से भाजपा को कुछ हासिल नहीं होगा और यह उसकी राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा।


