संसद में बदली विपक्ष की तस्वीर! इंडिया ब्लॉक से अलग बैठेंगे DMK सांसद, 97 सांसदों की सीटों में बड़ा फेरबदल

नई दिल्ली, 29 नवंबर। संसद के विशेष सत्र से पहले लोकसभा में सांसदों की बैठने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। लोकसभा सचिवालय ने नए सर्कुलर के जरिए कुल 97 सांसदों की सीटों का पुनः आवंटन किया है। इस बदलाव में सबसे ज्यादा चर्चा डीएमके (DMK) सांसदों की नई व्यवस्था को लेकर हो रही है। अब डीएमके के सांसद इंडिया ब्लॉक के अन्य दलों के सदस्यों से अलग एक समूह में बैठेंगे। इसके अलावा समाजवादी पार्टी, एनसीपी (शरद पवार गुट), शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और कांग्रेस के सहयोगी दलों के कुछ सांसदों की सीटें भी बदली गई हैं।

DMK सांसदों के लिए बनाया गया अलग ब्लॉक

लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, डीएमके के कई प्रमुख सांसदों को एक साथ नई सीटें आवंटित की गई हैं। इनमें कनिमोझी करुणानिधि, टीआर बालू, ए. राजा और दयानिधि मारन समेत पार्टी के अन्य सांसद शामिल हैं।नई व्यवस्था के तहत कनिमोझी करुणानिधि को सीट नंबर 357, टीआर बालू को 355 और ए. राजा को 356 आवंटित की गई है। पार्टी के अन्य सांसदों को भी इसी ब्लॉक की आसपास की सीटों पर जगह दी गई है। बताया जा रहा है कि डीएमके ने लोकसभा में अपने सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था करने की मांग की थी। इसी मांग के बाद सीटों का पुनर्गठन किया गया। राजनीतिक गलियारों में इसे डीएमके और कांग्रेस के बीच बदलते रिश्तों तथा इंडिया ब्लॉक में पार्टी की अलग पहचान बनाने की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

अखिलेश यादव और डिंपल यादव की सीटें भी बदलीं

सीटों के पुनः आवंटन का असर समाजवादी पार्टी के सांसदों पर भी पड़ा है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, डिंपल यादव, अफजाल अंसारी, धर्मेंद्र यादव समेत कई सांसदों की बैठने की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसके अलावा एनसीपी के शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले और शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट के नेताओं को भी नई सीटें आवंटित की गई हैं। कांग्रेस के सहयोगी दलों के कुछ सांसदों की बैठने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।

विशेष सत्र से पहले बदलाव के सियासी मायने

लोकसभा में सांसदों की बैठने की व्यवस्था को केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं माना जाता। कई बार इसके जरिए राजनीतिक दलों की स्थिति, आपसी तालमेल और संसदीय रणनीति की झलक भी देखने को मिलती है। ऐसे में डीएमके सांसदों को इंडिया ब्लॉक के अन्य दलों से अलग बैठाने का फैसला राजनीतिक रूप से चर्चा का विषय बन गया है। विशेष सत्र से पहले हुए इस फेरबदल पर सबकी नजरें रहेंगी। हालांकि, सीटों में बदलाव अपने आप में गठबंधन टूटने या किसी नए राजनीतिक फैसले की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular