मछली भोज विवाद : यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सीएम योगी पर किया मानहानि का केस

लखनऊ, 1 सितम्बर। अयोध्या में पिछले दिनों हुए कथित मछली भोज को लेकर खुद पर लगे आरोप के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर मानहानि (आपराधिक) का परिवाद दाखिल कर दिया। उन्होंने जनपद न्यायालय में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आलोक वर्मा की अदालत में अधिवक्ता संजीव पांडेय के माध्यम से मानहानि का परिवाद दाखिल किया।

अयोध्या में अजय राय पर सावन में मछली भोज का लगा था आरोप

उल्लेखनीय है कि अयोध्या में पिछले दिनों हुए मछली भोज को लेकर सियासत गरमा गई थी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सावन माह में मछली भोज को लेकर कांग्रेस पर सवाल खड़े किए थे। मुख्यमंत्री ने कहा था कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी सावन माह में मछली भोज किया है। यही कांग्रेस पार्टी का चरित्र है।

अजय राय ने सीएम योगी को दी थी चुनौती

खुद पर लगे आरोप के बाद अजय राय ने सीम योगी को चुनौती दी थी, ‘वह मछली खाते हुए एक फोटो या वीडियो दे दें तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। मैं मांस का सेवन नहीं करता। इस तरह के आरोप लगाने से पहले मुख्यमंत्री को सोचना चाहिए था।’

अजय राय का आरोप है कि योगी आदित्यनाथ ने बिना किसी सबूत के बयान दिया। इससे मानसिक व सामाजिक रूप से प्रताड़ना झेलनी पड़ी है। पूर्ण शाकाहारी होने के बावजूद मुख्यमंत्री के बयान से मानसिक व सामाजिक रूप से समाज में हुई मानहानि से आहत होकर उन्होंने न्यायालय के समक्ष परिवाद प्रस्तुत किया।

राहुल गांधी पर FIR को लेकर लखनऊ में कांग्रेस का प्रदर्शन

इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी ने लखनऊ में मंगलवार को विरोध प्रदर्शन भी किया। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा, ‘हमारे नेता राहुल गांधी के खिलाफ संविधान को ताक पर रखकर काररवाई हो रही है। राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर वापस होने तक कांग्रेस का संघर्ष चलता रहेगा।’

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया समेत कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया। पुनिया ने कहा, ‘हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड में कार्यक्रम किया था। इसके बाद वहां भाजपा के लोगों ने शुद्धिकरण किया। इस मामले को उठाने पर हमारे ही नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जबकि 22 दिनों से कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनका मुकदमा दर्ज नहीं हो रहा है। उल्टा चोर कोतवाल को डांट रहा है।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular