सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर CJP प्रमुख अभिजीत दिपके बोले- ‘हमारा संघर्ष सफल रहा’

छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र), 1 सितम्बर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके सर्वोच्च न्यायालय के फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए मंगलवार को कहा कि आज उनका संघर्ष सच में सफल हो गया है। इसके पूर्व दिन में सुप्रीम कोर्ट ने CJP के बैनर तले जुलाई माह में 20 व 25 तारीख के बीच हुए छात्रों के विरोध प्रदर्शनों से संबंधित दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में दर्ज एफआईआर रद कर दी। इस फैसले के बाद सीजेपी ने भी आगामी पांच सितम्बर को दिल्ली में प्रस्तावित मार्च वापस ले लिया।

अभिजीत दिपके ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में दर्ज केस वापस लेने का आदेश दिया है, जिसमें दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़े केस भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने का भी आदेश दिया है। न्याय मिलने में एक महीना लग गया, लेकिन आखिरकार न्याय मिला। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सीजेपी ने 5 सितम्बर को होने वाले विरोध प्रदर्शन को रद करने का फैसला किया है।

दिपके ने पीड़ित परिवारों का साथ देने का संकल्प दोहराया

शीर्ष अदालत के फैसले के बाद दिपके प्रभावित परिवारों से मिले और उन्हें भावनात्मक सहारा दिया। हालांकि परिवारों को हुआ नुकसान अपूरणीय है, फिर भी सीजेपी प्रमुख ने उनका साथ देने का अपना संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा, ‘आज विरोध प्रदर्शन सफल रहा। पिछले एक माह से हम दो मुख्य मांगों के लिए लड़ रहे थे। छात्रों के खिलाफ केस वापस लेना और आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को आर्थिक मदद देना। सरकार शुरू में इन मांगों को मानने में हिचकिचा रही थी, लेकिन आज कोर्ट ने न्याय दिया है।’

सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला : छात्र प्रदर्शन से जुड़ी सभी FIR रद, CJP ने भी वापस लिया 5 सितम्बर का प्रस्तावित मार्च

दिपके ने कहा, ‘जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था, जो एक सफलता थी। अब आज के कोर्ट के फ़ैसले से आंदोलन को असली सफलता मिली है। हम सभी सुप्रीम कोर्ट के फैसले से संतुष्ट हैं। एक तरह से हमें न्याय मिल गया है। पिछले कुछ दिनों में कई बैठकें हुईं और दिल्ली से हमारे साथी संभाजीनगर आए। विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के माध्यम से हम न्याय पाने में सफल रहे हैं।’

अब ‘आता स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू करने की घोषणा

उन्होंने आंदोलन में शामिल होने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया। इनमें वे लोग भी शामिल थे, जिन्होंने दिल्ली जाकर नहीं बल्कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए समर्थन दिया। उन्होंने उनके बहुमूल्य योगदान को सराहा। इस आंदोलन की सफलता के बाद उन्होंने ‘आता स्कूल ठीक करो’ (अभी स्कूल ठीक करो) अभियान शुरू करने की घोषणा की और कहा कि वे छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular