नई दिल्ली, 17 अक्टूबर। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित अपोलो अस्पताल जाकर पूर्व उप प्रधानमंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वयोवृदध नेता लालकृष्ण आडवाणी का कुशलक्षेम जाना।
उल्लेखनीय है कि लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद शुक्रवार देर शाम अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों के अनुसार, 98 वर्षीय आडवाणी को शाम 7.30 बजे अस्पताल लाया गया था। आडवाणी को अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में रखा गया है, जहां न्यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर विनीत सूरी की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
आडवाणी को इससे पहले भी इस वर्ष मई में उम्र से जुड़ी स्वास्थ्यगत समस्याओं के कारण अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे कुछ दिनों तक अस्पताल में रहे थे और उसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। दिसम्बर, 2024 में भी पूर्व उप प्रधानमंत्री को मेडिकल जांच और इलाज के लिए इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। उस समय वह न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में थे
भाजपा के इस दिग्गज नेता का पार्टी में असाधारण योगदान रहा है। उन्होंने तीन बार पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली है। वह 1986 से 1990 तक, 1993 से 1998 तक और 2004 से 2005 तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। इसके अलावा उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार में अहम पदों पर काम किया है।
आडवाणी 1998 से 2004 तक केंद्रीय गृह मंत्री रहे और 2002 से 2004 तक उन्होंने देश के उप प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। पार्टी के कई नेता और समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।


