Homeहिन्दीअंतरराष्ट्रीयइटली : गुरुद्वारे के बाहर दो भारतीय नागरिकों की गोली मारकर हत्या

इटली : गुरुद्वारे के बाहर दो भारतीय नागरिकों की गोली मारकर हत्या

रोम, 19 अप्रैल। उत्तरी इटली में एक गुरुद्वारे के बाहर दो भारतीय नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जांचकर्ताओं ने एक सोची-समझी साजिश के तहत किए गए हमला का संदेह जताया है। यह घटना शुक्रवार देर रात बर्गमो प्रांत के कोवो में हुई, जब दोनों वैशाखी समारोह के लिए पूजा स्थल के तौर पर इस्तेमाल हो रहे एक गोदाम से बाहर निकल रहे थे।

दैनिक अखबार ‘ला सिसिलिया’ की रिपोर्ट के अनुसार यह गोलीबारी आधी रात से तनिक पहले, शहर के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के बाहर चौक पर हुई। मृतकों की पहचान कोवो के रहने वाले 48 वर्षीय राजिंदर सिंह और पास के एग्नाडेलो में रहने वाले 48 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार, एक हमलावर राजिंदर व गुरमीत के पास आया और गोलीबारी के बाद कार से भाग गया। जांचकर्ताओं को घटनास्थल से लगभग दस खाली कारतूस मिले, जिससे यह शक और गहरा हो गया है कि यह एक सोची-समझी हत्या थी। आरोपितों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए फिलहाल जांच चल रही है। साथ ही पुलिस हत्याओं के पीछे के संभावित कारणों का पता लगा रही है।

अधिकारियों ने इस संभावना से इनकार किया है कि यह गोलीबारी किसी अचानक हुई कहा-सुनी का नतीजा थी। इसके बजाय, शुरुआती जांच के नतीजे उस ओर इशारा कर रहे हैं जिसे अधिकारियों ने ‘ठंडे दिमाग से की गई हत्या’ बताया है।

एक चश्मदीद ने मीडिया को बताया कि कथित शूटर भी ‘एक भारतीय’ ही था, जो अक्सर उसी गुरुद्वारे में आता-जाता था। चश्मदीद ने यह भी दावा किया कि हमले के दौरान एक तीसरे व्यक्ति को भी गोली छूकर निकल गई थी। इस घटना से स्थानीय भारतीय समुदाय में सदमे की लहर दौड़ गई है, खासकर इसलिए कि यह शनिवार को होने वाले बैसाखी समारोह की पूर्व संध्या पर हुई, जिसमें स्थानीय अधिकारियों और समुदाय के सदस्यों को शामिल होना था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments