1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर करेंगे ईरान से बात, स्टीव विटकॉफ के साथ पाकिस्तान जाएंगे, स्टैंडबाई पर रहेंगे जेडी वेंस
ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर करेंगे ईरान से बात, स्टीव विटकॉफ के साथ पाकिस्तान जाएंगे, स्टैंडबाई पर रहेंगे जेडी वेंस

ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर करेंगे ईरान से बात, स्टीव विटकॉफ के साथ पाकिस्तान जाएंगे, स्टैंडबाई पर रहेंगे जेडी वेंस

0
Social Share

वॉशिंगटन, 24 अप्रैल। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने भरोसेमंद दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुशनर को ईरान के साथ अहम बातचीत के लिए पाकिस्तान भेज रहे हैं। अमेरिका के ये दोनों अधिकारी पाकिस्तान के लिए रवाना होने वाले हैं।

हालांकि, अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस इस बातचीत के लिए पाकिस्तान नहीं आ रहे हैं। उन्हें स्टैंडबाई पर रखा गया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका और ईरान में तनाव चरम पर पहुंचता दिख रहा है। दोनों ही पक्ष शांति वार्ता के लिए एक दूसरे की शर्तों को मानने को तैयार नहीं हैं।

सीएनएन और रॉयटर्स ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया है कि स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर इस सप्ताहांत पाकिस्तान जाएंगे। इस दौरान वे ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मिलेंगे। यह मुलाकात संघर्ष-विराम पर बातचीत का एक अहम दूसरा दौर साबित हो सकती है।

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची पाकिस्तान पहुंचे

इस बीच अब्बास अराघची के नेतृत्व में एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार की रात पाकिस्तान पहुंच गया। हालांकि, इस्लामाबाद में बातचीत के संभावित दूसरे दौर को लेकर ईरान की ओर से कोई पुष्टि नहीं हुई है।

अमेरिका-ईरान एक दूसरे की शर्तों पर तैयार नहीं

ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत फिर से शुरू करने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य में नौसैनिक नाकेबंदी हटाने को एक मुख्य शर्त बनाया है। वहीं, अमेरिका ने इससे इनकार किया है। ईरान ने यह भी कहा है कि वह अपनी जब्त संपत्तियों की तुरंत रिहाई भी चाहता है।

वहीं अमेरिका ने भी ईरान से शांति वार्ता के लिए कई शर्तें रखी हैं, जिनमें एनरिच्ड यूरेनियम को लौटाना, परमाणु हथियार न बनाने का वादा करना और होर्मुज जलडमरूमध्य को बिना शर्त खोलना शामिल है।

स्टैंडबाई पर उप राष्ट्रपति जेडी वेंस

जहां तक अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस का सवाल है तो उनके विटकॉफ और कुशनर के साथ पाकिस्तान जाने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि वह आपात परिस्थितियों के लिए रखे गए हैं और यदि बातचीत में कुछ प्रगति होती है तो वह पाकिस्तान जा सकते हैं। उनकी अनुपस्थिति, ईरान के स्पीकर मोहम्मद-बाघेर गालिबफ की अनुपस्थिति जैसी ही है, जिन्हें ह्वाइट हाउस बातचीत का मुख्य वार्ताकार मानता है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code