1. Home
  2. कारोबार
  3. शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट, सेंसेक्स करीब 1000 अंक टूटा, निफ्टी 23900 से नीचे फिसला
शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट, सेंसेक्स करीब 1000 अंक टूटा, निफ्टी 23900 से नीचे फिसला

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट, सेंसेक्स करीब 1000 अंक टूटा, निफ्टी 23900 से नीचे फिसला

0
Social Share

मुंबई, 24 अप्रैल। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और आईटी कम्पनियों के शेयरों में भारी बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट देखने को मिली। कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स जहां लगभग 1000 अंक लुढ़कने के 77,000 से नीचे जा फिसला वहीं एनएसई निफ्टी भी 275 अंकों की कमजोरी से 23,900 के नीचे चला गया।

विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी, वैश्विक बाजारों में नकारात्मक रुख और होर्मुज जलडमरूमध्य में लगातार व्यवधान ने कारोबारियों के बीच गहरी निराशा पैदा कर दी है। इस क्रम में कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि व आईटी सेक्टर पर लगातार बढ़ते दबाव से दोनों बेंचमार्क इंडेक्स एक प्रतिशत से ज्यादा टूट गए।

सेंसेक्स 1.29 प्रतिशत टूटकर 76,664.21 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 999.79 अंक या 1.29 प्रतिशत टूटकर 76,664.21 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,260.13 अंक या 1.62 प्रतिशत फिसलकर 76,403.87 अंक तक चला गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 25 के शेयर लाल निशान पर रुके और सिर्फ पांच में मजबूती दिखी।

निफ्टी 275.10 अंक लुढ़ककर 23,897.95 अंक पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 275.10 अंक या 1.14 प्रतिशत लुढ़ककर 23,897.95 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 12 के शेयर हरे निशान पर रहे और 38 में गिरावट दर्ज की गई।

लगातार 3 सत्रों की गिरावट से निवेशकों की संपत्ति 7.17 लाख करोड़ रुपये घटी

चौतरफा बिकवाली के बीच लगातार तीन कारोबारी सत्रों में भारी गिरावट से निवेशकों की संपत्ति 7.17 लाख करोड़ रुपये कम हो गई। दरअसल, इन तीन सत्रों में बीएसई में शामिल कम्पनियों का बाजार पूंजीकरण 7,17,476.54 करोड़ रुपये घटकर 4,61,49,758.18 करोड़ रुपये रह गया।

इन्फोसिस के शेयर सबसे अधिक 7.09 प्रतिशत टूटे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से इन्फोसिस के शेयर सबसे अधिक 7.09 प्रतिशत टूटे। इसके अलावा एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, सन फार्मा, एशियन पेंट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे। वहीं ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

एफआईआई ने 3,254.71 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 3,254.71 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 107.3 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code