FIH हॉकी प्रो लीग : भारत की चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर 4-3 से रोमांचक जीत

लंदन, 23 जून। भारतीय पुरुषों ने मंगलवार को यहां एक गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ पिछले एक दशक का अपराजेय क्रम जारी रखते हुए 4-3 की रोमांचक जीत से FIH हॉकी प्रो लीग के लंदन चरण का आगाज किया। हालांकि आखिरी क्वार्टर में भारत ने दो गोल नहीं गंवाए होते तो जीत का अंतर बेहतर हो सकता था।

नदीम के गोल से पाकिस्तान ने ले ली थी शुरुआती बढ़त

नौ टीमों की प्रो लीग की तालिका में आखिरी स्थान पर काबिज पाकिस्तान ने ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए मुकाबले के आठवें मिनट में ही नदीम अहमद के गोल के दम पर बढत बना ली। भारत के लिए दूसरे क्वार्टर में 22वें मिनट में अभिषेक ने जमीनी गोल से बराबरी दिलाई और 24वें मिनट में नीलाकांता शर्मा ने पेनाल्टी कॉर्नर तब्दील मध्यांतर के पहले टीम को 2-1 से आगे कर दिया।

मध्यांतर तक भारत के पास 2-1 की अग्रता थी

तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने 40वें मिनट में मैदानी गोल से बढत 3-1 की कर दी जबकि चौथे क्वार्टर में 52वें मिनट में राजिंदर सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर भारत का चौथा गोल कर दिया। हालांकि आखिरी क्षणों में गोल गंवाने और डिफेंस के चरमराने की कमजोरी फिर उजागर हुई और पाकिस्तान के लिए महमूद अबू (53वां मिनट) और शकील मोईन (60वां) ने पेनाल्टी कॉर्नर भुना भारत की जीत का अंतर कम कर दिया।

भारत की अब इंग्लैंड से होगी मुलाकात

भारत को अब शुक्रवार को मेजबान इंग्लैंड से खेलना है। इससे पहले भारत ने रॉटरडैम चरण में चार में से दो मैच जीते। उस दौरान भारत ने मेजबान व दुनिया की दूसरे नंबर की टीम नीदरलैंड्स को 3-2 से हराया और उसे दूसरी जीत (3-1) मौजूदा विश्व चैम्पियन व दुनिया की पांचवें नंबर की टीम जर्मनी के खिलाफ मिली। अन्य दो मैचों में भारत को नीदरलैंड्स के खिलाफ 2-3 जबकि जर्मनी के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।

देखा जाए तो भारत और पाकिस्तान 2024 में चीन के हुलुनबुइर में हुए एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी मुकाबले के बाद पहली बार एक-दूसरे के सामने थे, जब भारत ने हरमनप्रीत सिंह के दो गोल के दम पर 2-1 से जीत दर्ज की थी। पाकिस्तान ने आखिरी बार 2016 में भारत को हराया था, जब गुवाहाटी में सैफ खेलों में भारत की दूसरे दर्जे की टीम ने भाग लिया था।

कोच क्रेग फुल्टन को हालांकि आखिरी मिनटों में गोल गंवाने की कमजोरी से पार पाने के लिए मेहनत करनी होगी चूंकि भारत को इस वर्ष विश्व कप और एशियाई खेल जैसे बड़े टूर्नामेंट खेलने हैं। नीदरलैंड्स और बेल्जियम में अगस्त में होने वाले विश्व कप में भारत व पाकिस्तान एक ही पूल में हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular