एअर इंडिया के टेकओवर के बाद टाटा समूह यात्रियों को उपलब्ध कराएगा ‘उन्नत भोजन सेवा’

नई दिल्ली, 27 जनवरी। सरकारी विमानन कम्पनी एअर इंडिया की कमान गुरुवार को पूरी तरह से टाटा समूह के हाथों में आ सकती है। इसके साथ ही  टाटा समूह ने यात्रियों की सुविधा को लेकर अपने पहले कदम का आगाज कर दिया है। इसके तहत गुरुवार को मुंबई से संचालित होने वाली चार उड़ानों में ‘उन्नत भोजन सेवा’ शुरू की गई। हालांकि, अधिकारियों का यह भी कहना है कि एअर इंडिया के विमान अभी टाटा समूह के बैनर तले उड़ान नहीं भरेंगे।

इससे पहले, बुधवार को अधिकारियों ने बताया था कि केंद्र सरकार विमानन कम्पनी एअर इंडिया को गुरुवार को टाटा समूह को सौंप सकती है। लगभग 69 वर्ष पहले समूह से विमानन कम्पनी लेने के बाद उसे अब फिर टाटा समूह को सौंपा जा रहा है। केंद्र सरकार ने प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के बाद आठ अक्टूबर, 2021 को 18,000 करोड़ रुपये में एअर इंडिया को Talace प्राइवेट लिमिटेड को बेच दिया था। यह टाटा समूह की होल्डिंग कम्पनी की अनुषंगी इकाई है।

इन चार उड़ानों में पहले दिन दी जाएगी उन्नत भोजन सेवा

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गुरुवार से चार उड़ानों- AI864 (मुंबई-दिल्ली), AI687 (मुंबई-दिल्ली), AI945 (मुंबई-अबू धाबी) और AI639 (मुंबई-बेंगलुरु) में ‘उन्नत भोजन सेवा’ दी जाएगी। हालांकि, अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया गुरुवार के बाद संपन्न हो पाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि किस दिन से एअर इंडिया की सभी उड़ानें टाटा सूमह के बैनर तले या फिर उसके तत्वाधान में उड़ान भरेंगी, इसकी जानकारी कर्मचारियों को बाद में दी जाएगी। उन्होंने कहा कि टाटा समूह के अधिकारियों द्वारा तैयार किए गए ‘उन्नत भोजन सेवा’ को चरणबद्ध तरीके से और उड़ानों में शुरू किया जाएगा। इस क्रम में मुंबई-नेवार्क उड़ान और मुंबई-दिल्ली की पांच उड़ानों में शुक्रवार से उक्त सेवा शुरू की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular