पाकिस्तान : खैबर पख्तूनख्वा की एक मस्जिद में आत्मघाती बम धमाका, कम से कम 27 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

पेशावर (पाकिस्तान), 18 सितम्बर। पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान जबर्दस्त आत्मघाती बम धमाका और उसके बाद हुई गोलीबारी में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह आम नागरिक और 15 पुलिस अधिकारी शामिल हैं जबकि दर्जनों अन्य लोग घायल हुए हैं। इस इलाके में सक्रिय पाकिस्तान तालिबान (TTP) के एक गुट ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

जुमे की नमाज के वक्त हमला, मृतकों में 15 पुलिस अधिकारी शामिल

मीडिया में जारी खबरों के अनुसार जब लोग शुक्रवार की नमाज के लिए एकत्र हुए तो कोहाट में पुलिस मुख्यालय की मस्जिद के प्रवेश द्वार पर विस्फोटकों से भरी एक कार टकरा दी गई। यह शहर अफगान सीमा के पास खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में है।

TTP के एक गुट ने ली हमले की जिम्मेदारी

तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के, जिसे पाकिस्तान तालिबान के नाम से भी जाना जाता है, एक गुट ने हमले की ज़िम्मेदारी ली। ‘इत्तेहादुल मुजाहिदीन’ (जिसका अर्थ मुजाहिदीन गठबंधन है और जो तालिबान कमांडर हाफिज गुल बहादुर से जुड़ा है) ने कहा कि उसने ही आत्मघाती बम हमला किया था।

जवाबी काररवाई में कम से कम 6 हमलावर भी मारे गए

प्रांतीय पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद ने आत्मघाती बम हमले की पुष्टि की। विस्फोट के बाद, बंदूकधारियों ने पुलिस परिसर में घुसने की कोशिश की और अधिकारियों के साथ गोलीबारी की। जवाबी काररवाई में कम से कम छह हमलावर भी मारे गए। हालांकि हमले में मस्जिद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पुलिस स्टेशन की बाहरी दीवार गिर गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट की आवाज कुछ दूरी तक सुनाई दी।

कम से कम 75 लोग घायल : अपुष्ट सूत्र

समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार, डॉ. ताहिर शाह ने बताया कि कम से कम 15 शवों और 50 से ज्यादा घायलों को अस्पताल ले जाया गया। वहीं अपुष्ट सूत्रों ने बताया कि कम से कम 75 लोग घायल हुए हैं। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, वरिष्ठ बचाव अधिकारी बिलाल फैजी ने कहा कि घायलों में ज़्यादातर नमाजी थे।

पीएम शहबाज शरीफ ने मस्जिद पर हमले की निंदा की

इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मस्जिद पर हमले की निंदा की और अधिकारियों को बचाव अभियान तेज करने का निर्देश दिया। गृह मंत्रालय ने कहा कि हमलावरों की ‘कायरतापूर्ण हरकतें’ ‘देश के मजबूत संकल्प’ को कमज़ोर नहीं कर सकतीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular