उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में मामूली गिरावट, सेंसेक्स 114 अंक फिसला, निफ्टी लगभग सपाट
मुंबई, 7 मई। ईरान व अमेरिका के अड़ियल रुख से पश्चिम एशिया में जारी अस्थिरता की वजह से उपजी वैश्विक अनिश्चितता का नतीजा रहा कि गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच मामूली गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों के सतर्क रुख के चलते बीएसई सेंसेक्स 114 अंक फिसला जबकि एनएसई निफ्टी लगभग सपाट रहा।
सेंसेक्स 77,844.52 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स कारोबार के दौरान लगातार उतार-चढ़ाव देखने के बाद अंत में 114 अंक यानी 0.15 प्रतिशत टूटकर 77,844.52 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सूचकांक 78,384.70 अंक के उच्चस्तर तक गया और 77,713.21 अंक के निचले स्तर तक गिरा। यानी सेंसेक्स में कुल 671.49 अंकों का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 11 के स्टॉक लाभ में रहे तो 19 में गिरावट रही।
निफ्टी 4.30 अंक गिरकर 24,326.65 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 4.30 अंक यानी 0.02 प्रतिशत के मामूली नुकसान के साथ 24,326.65 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 22 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 28 में कमजोरी दिखी।
हिन्दुस्तान यूनिलीवर के शेयर में सर्वाधिक 1.95 फीसदी गिरावट
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में हिन्दुस्तान यूनिलीवर के शेयर में सर्वाधिक 1.95 फीसदी गिरावट रही। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, टाइटन, सन फार्मा और आईटीसी में भी प्रमुख रूप से गिरावट आई। वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और टाटा स्टील के शेयर लाभ में रहे।
एफआईआई ने 5,834.90 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 5,834.90 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.23 प्रतिशत के नुकसान के साथ 99 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
