भारत-अमेरिका ट्रेड डील की घोषणा से झूमा शेयर बाजार, सेंसेक्स 2073 अंक उछला, निफ्टी में 9 माह की सबसे बड़ी इंट्राडे तेजी
मुंबई, 3 फरवरी। भारत व अमेरिका के बीच सोमवार की रात व्यापार समझौते पर सहमति बनने की घोषणा से घरेलू शेयर बाजार झूम उठा और मंगलवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स में आठ माह (12 मई, 2025 के बाद) की सबसे बड़ी तेजी देखने को मिली।
घरेलू शेयर बाजार में 8 माह की सबसे बड़ी तेजी
इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 2073 अंकों की बढ़ोतरी से जहां 83,700 के ऊपर पहुंच गया वहीं एनएसई निफ्टी 9 माह की बड़ी इंट्राडे तेजी लेकर बंद हुआ। इस क्रम में सूचकांक 639 अंक की छलांग से 25,700 के पार जा पहुंचा।
उल्लेखनीय है कि ट्रेड डील के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर लगाए गए 25 प्रतिशत जवाबी शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमत हो गया है। इसके अलावा रूसी तेल खरीद जारी रखने पर अमेरिका ने जो 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाया था, वह भी हटा दिया है।
सेंसेक्स 2.54% की बढ़त से 83,739.13 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स कारोबारी सत्र की शुरुआत के बाद 4,205.27 अंक यानी 5.14 प्रतिशत उछलकर 85,871.73 अंक के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में मुनाफावसूली होने से यह 2,072.67 अंक यानी 2.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,739.13 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 28 के शेयर मजबूत हुए जबकि दो में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 639.15 अंक चढ़कर 25,727.55 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 639.15 अंक यानी 2.55 प्रतिशत चढ़कर 25,727.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,252.80 अंक यानी 4.99 प्रतिशत की तेजी के साथ 26,341.20 अंक तक पहुंच गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 47 के स्टॉक चढ़े और सिर्फ तीन में कमजोरी रही।
निवेशकों ने 12.06 लाख करोड़ रुपये कमाए
बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर 467.09 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी दिन 455.03 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप एक ही सत्र में करीब 12.06 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 12.06 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि हुई।
अदाणी पोर्ट्स में सर्वाधिक 9.12 प्रतिशत की तेजी
सेंसेक्स समूह की कम्पनियों में अदाणी पोर्ट्स में सर्वाधिक 9.12 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। बजाज फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, पावर ग्रिड, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व और रिलायंस इंडस्ट्रीज भी प्रमुख लाभ में रहीं। हालांकि, तेजी के इस दौर में टेक महिंद्रा और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
एफआईआई ने 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,446.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.65 प्रतिशत गिरकर 65.87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
