निजी बैंकों के शेयरों में बिकवाली से शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 876 अंक टूटा, निफ्टी 257 अंक कमजोर

मुंबई, 19 अक्टूबर। पिछले दो कारोबारी सत्रों में अच्छी बढ़त देखने वाले घरेलू शेयर बाजार को निजी बैंकों के शेयरों में भारी बिकवाली व कमजोर वैश्विक रुख का प्रतिकूल असर झेलना पड़ा और सोमवार को दोनों मानक सूचकांक बड़ी गिरावट लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 876.37 अंक टूटने के साथ फिर 74,000 के नीचे जा खिसका तो पिछले कारोबारी सत्र में 23,000 का स्तर पार करने वाला एनएसई निफ्टी भी 257 अंकों की कमजोरी से 22,900 के नीचे चला आया।

सेंसेक्स 876.37 अंक टूटकर 73,852.90 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 876.37 अंक यानी 1.17 प्रतिशत टूटकर 73,852.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,020.73 अंक यानी 1.36 प्रतिशत तक टूटकर 73,708.54 अंक तक जा लुढ़का था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 24 के शेयर लाल निशान पर रुके तो छह में बढ़त दर्ज की गई।

निफ्टी 257.20 अंकों की गिरावट लेकर 22,888.95 पर थमा

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 257.20 अंक यानी 1.11 प्रतिशत की गिरावट लेकर 22,888.95 अंक पर थमा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 40 के शेयर नुकसान में रहे तो 10 में मजबूती दिखी।

एक्सिस बैंक का शेयर सबसे अधिक 3.85% टूटा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एक्सिस बैंक का शेयर सबसे अधिक 3.85 प्रतिशत टूटा। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, एनटीपीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दरअसल, निजी बैंकों के सितम्बर तिमाही के वित्तीय नतीजे निवेशकों को उत्साहित करने में विफल रहे।

दूसरी ओर अदाणी पोर्ट्स, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), लार्सन एंड टुब्रो, इंटरग्लोब एविएशन और मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

एफआईआई ने 1,165.92 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,165.92 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.07 प्रतिशत गिरकर 108.7 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular