अयोध्या दीपोत्सव : 30 लाख दीपों से जगमग सरयू तट, सीएम योगी बोले- ‘राम भक्तों पर गोलियां चलाने वाले पहले माफी मांगें, फिर रामनगरी आएं’

अयोध्या, सात नवम्बर। रामनगरी अयोध्या में भव्य 10वें दीपोत्सव के अवसर पर शनिवार की शाम आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में 30 लाख दीपों से सरयू नदी के तट जगमग हो उठे। साथ ही सरयू तट पर ‘राम की पैड़ी’ में ड्रोन शो भी दिखाया गया।

साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक भव्य शोभायात्रा

इससे पहले साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें रामायण आधारित झांकियों, लोकनृत्यों और जय श्रीराम के जयघोष ने रामनगरी को भक्तिमय बना दिया। इसमें प्राचीन संस्कृति के साथ आधुनिक अयोध्या के विकास की झलक भी देखने को मिली।

36 वर्ष पहले सरयू नदी राम भक्तों के लहू से रक्तरंजित हुई थी – सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव 2026 को संबोधित करते हुए कहा, ‘आपने देखा है कि राम की पैड़ी पर आज लाखों दीपक जगमगा रहे हैं। ठीक 36 वर्ष पहले इसी सरयू नदी का जल राम भक्तों के लहू से रक्तरंजित हुआ था। अयोध्या की गलियों को जिन लोगों ने आज से 36 वर्ष पहले रक्तरंजित किया था, जो लोग राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा कर रहे थे, जिन्होंने राम मंदिर के निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, वे आज फिर से सिर उठाने का प्रयास कर रहे हैं। वे जानते हैं आज के भारत की ताकत, वे राम भक्तों की ताकत जानते हैं। जो लोग पहले कहते थे कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता, जो लोग अयोध्या में जय श्री राम बोलने को प्रतिबंधित करते थे, आज गाहे-बगाहे वे लोग भी राम मंदिर में दर्शन करने का सपना देख रहे हैं।’

सीएम योगी पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना प्रहार करते हुए कहा, ‘आइए, पहले राम भक्तों से और उन कार्यसेवकों, उन पूज्य संतों से माफी जरूर मांगिए। जिन्होंने अयोध्या को बदनाम किया था, वे अपने कृत्यों के लिए सार्वजनिक माफी मांगें।’

सपा प्रमुख अखिलेश 12 दिसम्बर को सपत्नीक राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे

उल्लेखनीय है कि अखिलेश यादव का 12 दिसम्बर को सांसद पत्नी डिंपल यादव के साथ अयोध्या आने का कार्यक्रम है। पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने उनके दौरे की जानकारी दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार डिंपल व अखिलेश यादव पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन करेंगे। इसके बाद राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।

सपा प्रमुख उस दौरान संत-महंतों से भी मिलेंगे और उनका आशीर्वाद लेंगे। दर्शन के बाद संतों के साथ प्रसाद ग्रहण करने का कार्यक्रम है। पिछले अयोध्या दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने पवन पांडेय से दर्शन के लिए तारीख तय करने को कहा था। उन्होंने कहा था कि तारीख तय होने पर वे अयोध्या आकर दर्शन करेंगे। समाजवादी पार्टी उनके स्वागत की तैयारी करेगी।

सीएम योगी ने सरयू घाट पर आरती की, 56 घाट दीपों से जगमग

खैर, दीपोत्सव 2026 की बात करें तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरयू घाट पर आरती की। इस अवसर पर रामनगरी में आस्था, उल्लास और भव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिला। सरयू नदी के किनारे स्थित राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर 3007518 दीप प्रज्वलित कर अयोध्या ने एक बार फिर विश्व को अपनी सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक शक्ति का संदेश दिया। दीपों की रोशनी से सरयू तट जगमगा उठा और पूरी रामनगरी अलौकिक छटा में नहा गई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular