1. Home
  2. कारोबार
  3. शेयर बाजार में तेजी बरकरार, सेंसेक्स 78000 के पार, निफ्टी 66 अंक मजबूत
शेयर बाजार में तेजी बरकरार, सेंसेक्स 78000 के पार, निफ्टी 66 अंक मजबूत

शेयर बाजार में तेजी बरकरार, सेंसेक्स 78000 के पार, निफ्टी 66 अंक मजबूत

0
Social Share

मुंबई, 31 जुलाई। वैश्विक बाजारों में मजबूती व विदेशी निवेशकों की खरीदारी का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखा और दोनों मानक सूचकांक लगातार तीसरे दिन बढ़त लेकर बंद हुए। इस क्रम में कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 166 अंकों की मजबूती से जहां 78,000 के पार चला गया वहीं एनएसई निफ्टी 66 अंक चढ़ा।

ऑटो सेक्टर में तेज उछाल तो आईटी शेयरों में मुनाफावसूली

देखा जाए तो ऑटो सेक्टर में अच्छी लिवाली से शेयर बाजार को काफी सहारा मिला। वहीं लगातार पांच दिनों की अच्छी तेजी के बाद घरेलू आईटी इंडेक्स में लगातार दूसरे दिन मुनाफावसूली देखी गई, जिससे शेयर बाजार की बढ़त थोड़ी सीमित रही।

सेंसेक्स 166.49 अंक चढ़कर 78,094.64 पर बंद, 3 हफ्ते का उच्चतम स्तर

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 166.49 अंक यानी 0.21 फीसदी चढ़कर 78,094.64 अंक पर बंद हुआ, जो तीन हफ्ते से ज्यादा समय का उच्चतम स्तर है। कारोबार के दौरान सूचकांक 344.1 अंक या 0.44 फीसदी बढ़कर 78,272.25 तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 16 के स्टॉक बढ़त पर रहे तो 14 में गिरावट देखी गई।

निफ्टी 66.45 अंक बढ़कर 24,383.60 पर बंद

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 66.45 अंक यानी 0.27 प्रतिशत बढ़कर 24,383.60 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 29 के शेयर मजबूत हुए तो 21 में गिरावट दर्ज की गई।

बजाज फाइनेंस में सर्वाधिक 8.11 फीसदी की तेजी

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर सर्वाधिक 8.11 फीसदी उछलकर बंद हुआ। कम्पनी का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 28 फीसदी की वृद्धि दर्ज करते हुए 6,081 करोड़ रुपये रहा है। यह बढ़ोतरी कोर इनकम में वृद्धि और एसेट क्वालिटी में सुधार के कारण हुई।

इसके अलावा बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और टाइटन के शेयरों में भी तेजी का रुख रहा। इसके विपरीत टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में सर्वाधिक 2.73 फीसदी की गिरावट रही। इटरनल, इन्फोसिस, आईटीसी व इंटरग्लोब एविएशन के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

एफआईआई ने 3,623.51 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 3,623.51 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वहीं अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.45 प्रतिशत बढ़कर 89.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code