Sriganganagar Blast : भारत-पाक बॉर्डर के पास रेलवे ट्रैक पर धमाका! ट्रेन गुजरने के 45 मिनट बाद गूंजी विस्फोट की आवाज

श्रीगंगानगर, 4 नवंबर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका होने से हड़कंप मच गया। रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर मंगलवार देर रात करीब 9:45 बजे ब्लास्ट हुआ। धमाके से रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ट्रैक के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना अनूपगढ़ कस्बे के 50 जीबी गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि अनूपगढ़-सूरतगढ़ पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के करीब 45 मिनट बाद धमाका हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, एटीएस, सीआईडी, एफएसएल, डॉग स्क्वायड और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया।

ट्रेन गुजरने के बाद हुआ धमाका, पटरी के नीचे बने गड्ढे

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची टीमों ने जांच के दौरान पाया कि रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक पूरी तरह टूट गए हैं। पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा भी बन गया है। घटना के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

भारत-पाक सीमा के पास धमाके से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

सीमावर्ती इलाके में रेलवे ट्रैक पर धमाका होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि घटना के पीछे क्या वजह रही। किसी असामाजिक तत्व की भूमिका होने की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह छह बजे तक इस रेल लाइन से गुजरने वाली ट्रेनों को रद्द किया गया था।

बम ब्लास्ट या कुछ और? जांच के बाद ही स्पष्ट होगी वजह

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्होंने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया है। एफएसएल और एटीएस की टीमें भी जांच के लिए पहुंची हैं। अधिकारी के मुताबिक, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि घटना बम विस्फोट की है या किसी अन्य वजह से धमाका हुआ। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

जब अधिकारी से हाल में 7.5 किलोग्राम आरडीएक्स पकड़े जाने की घटना से इस धमाके का संबंध होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इससे किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की पड़ताल कर रही हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular