शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट, सेंसेक्स 72000 से नीचे फिसला, निफ्टी 198 अंक कमजोर

मुंबई, एक अक्टूबर। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच विदेशी निवेशकों की बेरुखी व कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से भारतीय शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट देखने को मिली और दोनों मानक सूचकांक गुरुवार को भी उतार-चढ़ाव के बाद लाल निशान पर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 570 अंक लुढ़कने के साथ 72,000 से नीचे जा पहुंचा तो एनएसई निफ्टी और 198 अंक टूटकर 22,500 के नीच रुका।

सेंसेक्स 570.59 अंक टूटकर 71,909.70 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 570.59 अंक यानी 0.79 प्रतिशत टूटकर 71,909.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,187.41 अंकों की गिरावट के साथ 71,292.88 अंक तक चला गया था। हालांकि अंतिम घंटे में इसने 616 अंकों रिकवरी की। कुल मिलाकर दिनभर के कारोबार के दौरान सूचकांक में 1,280 अंकों का उतार-चढ़ाव दिखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में सिर्फ छह मजबूत हुए जबकि 24 में गिरावट रही।

निफ्टी 0.88 प्रतिशत की गिरावट से 22,421.95 अंक पर बंद

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 198.50 अंक यानी 0.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,421.95 अंक पर बंद हुआ। यह सूचकांक भी कारोबार के दौरान 22,610.60 का उच्चस्तर देखने के बाद पिछली शाम के मुकाबले 403 अंकों की फिसलन से 22,217.30 तक जा गिरा था। हालांकि बाद में इसमें भी कुछ हद तक रिकवरी हुई। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 37 के शेयर कमजोर हुए तो 13 में बढ़त रही।

मारुति सुजुकी ने सबसे ज्यादा 4.59 फीसदी की गिरावट देखी

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में मारुति सुजुकी ने सबसे ज्यादा 4.59 फीसदी की गिरावट देखी। महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, आईटीसी, पावर ग्रिड, हिन्दुस्तान यूनिलीवर और इटर्नल में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। वहीं, लाभ में रहने वाले शेयरों में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचसीएल टेक और एचडीएफसी बैंक शामिल हैं।

एफआईआई ने 10,148.41 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 10,148.41 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल 2.77 प्रतिशत बढ़कर 100.8 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular