नई दिल्ली, 26 नवम्बर। संविधान के 77वें वर्ष और ‘संविधान दिवस’ के पावन अवसर पर गुरुवार को उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भारत के संविधान के अद्यतन संस्करणों का विमोचन किया। संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में जारी किए गए इन संस्करणों को लेकर उप राष्ट्रपति ने कहा कि यह पहल संवैधानिक सिद्धांतों को देश के हर नागरिक तक सरलता से पहुंचाएगी और लोकतांत्रिक भागीदारी को नई मजबूती देगी।
भाषाई विविधता ही भारत की असली ताकत
नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में कानून और न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग द्वारा आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उप राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति यह है कि तमाम भाषाई विविधताओं के बावजूद देश एकजुट रहता है। उन्होंने कहा, ‘भाषाओं में अंतर होने के बावजूद हम एकजुट कैसे हैं? ऐसा इसलिए है क्योंकि हम सभी एक राष्ट्र में विश्वास करते हैं, यही भारत की आत्मा है।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि भाषाएं केवल संवाद का जरिया नहीं हैं, बल्कि वे हमारी संस्कृति, परंपरा, पहचान और सभ्यतागत ज्ञान की संवाहक हैं।
The Vice-President highlighted that making the Constitution accessible in every Indian language is a celebration of the country’s linguistic diversity, democratic inclusiveness and constitutional values.
He emphasised that respecting and promoting all languages strengthens national unity and reflects the spirit of Ek Bharat, Shreshtha Bharat.
— Vice-President of India (@VPIndia) November 26, 2026
अंग्रेजी ही ज्ञान का पैमाना नहीं, ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की दिखी झलक
उप राष्ट्रपति ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि ज्ञान को केवल अंग्रेजी भाषा की निपुणता से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए; अंग्रेजी भी अन्य भारतीय मातृभाषाओं की तरह महज एक भाषा है। उन्होंने लोगों से सभी भाषाओं का सम्मान करने का आग्रह करते हुए कहा कि अपनी भाषा में संविधान उपलब्ध होना ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करता है। संविधान को गौरव और कर्तव्य बताते हुए उन्होंने इसके आदर्शों की रक्षा के लिए ‘जन भागीदारी’ को अनिवार्य बताया।
‘यदि राष्ट्र सुरक्षित तो हमारी मातृभाषाएं भी सुरक्षित’
महान स्वतंत्रता सेनानी और कवि सुब्रमण्य भारती की रचनाओं का उल्लेख करते हुए राधाकृष्णन ने कहा कि भारती के दौर में 18 भाषाओं का जिक्र था, जबकि आज 22 भाषाओं को संवैधानिक मान्यता प्राप्त है। उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है कि भाषाई विविधता राष्ट्रीय एकता के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए। उपराष्ट्रपति ने दो टूक कहा, ‘सबसे पहले राष्ट्र आता है। यदि राष्ट्र सुरक्षित है, तो हमारी सभी मातृभाषाएं भी सुरक्षित रहेंगी।’ इस दौरान उन्होंने डॉ. बी.आर. अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों को भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
अनुवाद की चुनौती और संथाली संस्करण का जिक्र
नेपाली, संताली, बोडो, तमिल, गुजराती और सिंधी जैसी भाषाओं में संविधान के आधिकारिक अनुवादों की सराहना करते हुए उप राष्ट्रपति ने केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संविधान का अनुवाद बेहद संवेदनशील कार्य है, जिसमें मूल भावना को बचाए रखने के लिए हर शब्द पर गहन विचार करना होता है। उन्होंने पिछले दिसम्बर में राष्ट्रपति भवन में हुए संथाली संस्करण के विमोचन को याद करते हुए कहा कि उस दिन आदिवासी समाज के चेहरों पर अद्भुत खुशी देखने को मिली थी।
2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में मिलेगी मदद
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और विधायी विभाग के सचिव राजीव मणि ने भी संबोधित किया और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की बात कही। समापन पर उप राष्ट्रपति ने भावी पीढ़ियों के लिए प्राचीन पांडुलिपियों व पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयासों से शासन और जनता के बीच की खाई पटेगी और 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प सिद्ध होगा।


