झारखंड में भीषण सड़क हादसा : राजरप्पा मंदिर जा रहे 13 श्रद्धालुओं की मौत, 4 बच्चे भी शामिल

रामगढ़, 29 नवंबर। झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। रांची-पटना नेशनल हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे, जो बिहार के नालंदा जिले से राजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे। हादसे में जान गंवाने वालों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बीजेपी कार्यालय के पास हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना रात करीब 2 बजे रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी में बीजेपी कार्यालय के पास हुई। नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंगहारो गांव से श्रद्धालु स्कॉर्पियो में सवार होकर मां छिन्नमस्तिका मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी रांची-पटना मुख्य मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार 13 लोगों की जान चली गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहन से यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायल व्यक्ति को उपचार के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

सिविल सर्जन ने दी हादसे की जानकारी

रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन अनिल कुमार ने बताया कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंगहारो गांव के निवासी थे। वे राजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। इनमें से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक पुरुष घायल है और उसका सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

पुलिस जांच में जुटी, हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा

दुर्घटना के बाद पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

उत्तराखंड में भी हादसे में गई थी 7 लोगों की जान

इससे पहले उत्तराखंड से भी एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई थी। वहां एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया था। इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular