इंडिया ओपन : सिंधु पहले ही दौर में बाहर, श्रीकांत, प्रणय और मालविका का विजयी आगाज़

नई दिल्ली, 14 जनवरी। पिछले हफ्ते मलेशिया ओपन 1000 के सेमीफाइनल में प्रवेश के साथ सत्र की बेहतर शुरुआत के बाद घरेलू कोर्ट पर श्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद लेकर उतरीं देश की शीर्षस्थ महिला शटलर पीवी सिंधु को आघात सहना पड़ा, जब वह बुधवार को यहां 9.50 लाख डॉलर ईनामी योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के पहले दौर में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।

हालांकि पूर्व चैम्पियन किदांबी श्रीकांत और अनुभवी एचएस प्रणय ने अपने युवा प्रतिद्वंद्वियों को मात देने के साथ पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया। वहीं महिला एकल में मालविका बंसोड़ ने भी जीत के साथ आगाज़ किया जबकि 16 वर्षीय तन्वी शर्मा ने चीन की दूसरी वरीय वांग झी यी के खिलाफ हार के बावजूद जुझारू प्रदर्शन से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

वियतनामी शटलर के खिलाफ 68 मिनट तक खिंचे संघर्ष में हारीं सिंधु

दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता सिंधु इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के पांचवें मैच में वियतनाम की थुई लिन एनगुएन के खिलाफ पहला गेम जीतने के बावजूद लय बरकरार नहीं रख सकीं और 68 मिनट तक खिंचे संघर्ष में विश्व नंबर 12 भारतीय शटलर को दुनिया की 23वें नंबर की वियतनाम की खिलाड़ी के खिलाफ 22-20, 12-21, 15-21 से पराजय झेलनी पड़ी। एनगुएन के खिलाफ सिंधू की यह लगातार तीसरी हार है।

श्रीकांत ने थारुन के खिलाफ पहला सेट गंवाने के बाद की वापसी

उधर 2015 के चैम्पियन व बीडब्ल्यूएफ रैकिंग में 34वें नंबर के शटलर श्रीकांत ने कोर्ट नंबर दो पर श्रीकांत ने हमवतन थारुन मान्नेपल्ली के खिलाफ पहला गेम गंवा दिया था। लेकिन उन्होंने अपना अनुभव उड़ेला और जोरदार वापसी करते हुए 53 मिनट में 15-21, 21-6, 21-19 से जीत हासिल कर ली।

मई, 2025 में सिंगापुर ओपन के बाद पहली बार किसी सुपर 750 टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे पूर्व विश्व नंबर एक श्रीकांत अगले दौर में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स विजेता पांचवें वरीय फ्रांसीसी क्रिस्टो पोपोव से भिड़ेंगे, जिन्होंने चीनी ताइपे के जू वेई वैंग को 13-21, 21-18, 21-19 से हराया।

प्रणय ने गत उपजेता ली चेयुक यिउ को बाहर किया

उधर 33 वर्षीय प्रणय ने कोर्ट नंबर एक पर गत उपजेता हांगकांग के ली चेयुक यिउ को 41 मिनट में 22-20, 21-18 से हराया। विश्व नंबर तीन डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन के नाम वापस लेने के बाद टूर्नामेंट में एंट्री पाने वाले विश्व नंबर 38 प्रणय की अगले दौर में आठवें वरीय सिंगापुर के लोह कीन येव से मुलाकात होगी, जिन्होंने चीन के वैंग झेंग शिंग को 23-21, 19-21, 21-14 से शिकस्त दी।

मालविका अब पांचवीं सीड हेन युइ को देंगी चुनौती

महिला एकल में मालविका बंसोड़ दूसरे दौर में पहुंचने वाली एकमात्र भारतीय रहीं। पिछले सत्र के दूसरे हाफ में चोटों से परेशान रहीं वामहस्त शटलर बंसोड़ ने कड़े मुकाबले में चीनी ताइपे की पाइ यु पो को 51 मिनट में 21-18, 21-19 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। अगले दौर में उनकी भिड़ंत दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी चीन की हेन युइ से होगी। हेन युइ ने पहले दौर में चीनी ताइपे की सुंग शुओ युन को 18-21, 21-13, 21-17 से हराया।

तन्वी ने दूसरी सीड वैंग झी यीन को कड़ी टक्कर दी

विश्व जूनियर चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी शर्मा तन्वी शर्मा हालांकि चीन की दूसरी वरीय वैंग झी यीन को कड़ी टक्कर देने के बावजूद एक घंटे और नौ मिनट में 20-22, 21-18, 13-21 से हार गईं। तन्वी को कई मौके मिले, लेकिन वह पहले गेम में गेम प्वॉइंट भुना नहीं सकीं और निर्णायक गेम में उनपर थकान का असर दिखा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular