नई दिल्ली, 27 अगस्त। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 162 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सुरक्षाकर्मियों और पर्यटकों समेत सैकड़ों लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बाढ़ की भयावह स्थिति को देखते हुए दुनिया के कई देशों के नेताओं ने नेपाल के प्रति संवेदना जताई है और राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग की पेशकश की है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने नेपाल और चीन में आई बाढ़ पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता देने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि नेपाल में प्रभावित क्षेत्रों की मैपिंग और राहत कार्यों में मदद के लिए कोपरनिकस प्रणाली को सक्रिय किया गया है।
संयुक्त राष्ट्र भी राहत अभियान में जुटा
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भी बाढ़ में हुई जनहानि पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। गुटेरेस के मुताबिक, नेपाल में संयुक्त राष्ट्र सरकार के नेतृत्व में चल रहे राहत और बचाव अभियानों में सहयोग कर रहा है। यूएन की टीमें और मानवीय सहायता से जुड़े संगठन प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री और आवश्यक कर्मियों को पहुंचाने के प्रयास तेज कर रहे हैं।
नीदरलैंड ने जताई संवेदना
नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन ने नेपाल-चीन सीमा क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में जुटे नेपाली अधिकारियों और आपदा राहतकर्मियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नीदरलैंड स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और प्रभावित क्षेत्र में मौजूद डच नागरिकों की सुरक्षा की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
लिथुआनिया ने भी बढ़ाया मदद का भरोसा
लिथुआनिया के प्रधानमंत्री मिंडाउगस सिंकेविचियस ने भी बाढ़ में हुई जान-माल की क्षति पर दुख जताया। उन्होंने प्रभावित परिवारों और राहत-बचाव अभियान में जुटी टीमों के प्रति एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि लिथुआनिया का विदेश मंत्रालय और वहां का दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
जापानी नागरिकों के लापता होने से बढ़ी चिंता
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने भी नेपाल में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने नेपाल सरकार और जनता के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बताया कि स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार पांच जापानी नागरिक लापता हैं। तकाइची ने कहा कि नेपाल स्थित जापानी दूतावास ने लापता नागरिकों से संपर्क करने की कई कोशिशें की हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। दूतावास ने उनकी तलाश में मदद का अनुरोध भी किया है।
उन्होंने कहा कि जापान नेपाल में अपने नागरिकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और वहां रह रहे अन्य विदेशी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। जापानी प्रधानमंत्री ने प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में नेपाल अकेला नहीं है। नेपाल में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों की ओर से लापता लोगों की तलाश और प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


