महाराष्ट्र : मुंबई एयरपोर्ट से 5 करोड़ के सोने की तस्करी मामले में भाजपा नेता सहित 7 गिरफ्तार!
मुंबई, 7 जून। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने महाराष्ट्र के मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पांच करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने की कथित तस्करी के मामले में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी अजीत अचरेकर सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपितों की पहचान रोहित कुमार सिंह, संतोष सुभाष, समीमुल्ला शाह, हामिद लेबरिफखान और फलील मोहम्मद कासिम के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ये गिरफ्तारियां शनिवार मध्यरात्रि बाद 2.30 बजे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जाल बिछाकर की गईं। डीआरआई अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने हवाई अड्डे के आसपास संदिग्ध गतिविधियां देखने के बाद यह काररवाई की।
बताया जा रहा है कि अचरेकर भाजपा के कामगार (मजदूर) विंग के सचिव के रूप में कार्यरत हैं। वह कुछ महीने पहले ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चह्वाण की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए थे और उन्हें पार्टी के मजदूर संगठन में एक बड़ी जिम्मेदारी दी गई थी।
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण
यांची वागणे , बोलणे ,डोलणे आणि चालणे राज्याच्या सामाजिक आणि राजकीय संस्कृतीला कधीच शोभणारे नव्हते.
कोकणात प्रत्येक निवडणुकीत त्यांनी पैशाचा अतिरेकी वापर केला. जिल्हा बँक निवडणूकही याच पद्धतीने ताब्यात घेतली.
यांच्याकडे इतका पैसा येतो कुठून?… pic.twitter.com/bUYrrVq2Lk— Sanjay Raut (@rautsanjay61) June 7, 2026
इस बीच शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने इस मामले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चह्वाण का व्यवहार और भाषा राज्य की सामाजिक और राजनीतिक संस्कृति के कभी भी अनुकूल नहीं रहे हैं। उन्होंने कोंकण क्षेत्र में हर चुनाव के दौरान बहुत ज्यादा पैसा खर्च किया है। जिला बैंक का चुनाव भी इसी तरह से संभाला गया था।’
रविंद्र चव्हाण यांनी मुंबई विमानतळावर पोसलेले हे गुंड आहेत
सरळ कामगारांना धमक्या देत आहेत,
गृह मंत्री फडणवीस आणि @DevenBhartiIPS याना हे आव्हान आहे
विमान तळावर कालच्या gold smuggling प्रकरणात ही टोळी सहभागी आहे DRI कडे मी पुरावे दिले आहेत!
@CPMumbaiPolice pic.twitter.com/YfkeWigWK8— Sanjay Raut (@rautsanjay61) June 7, 2026
फिलहाल भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने इन आरोपों का कड़ा खंडन जारी किया है। उन्होंने कहा, ‘सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए गए लोगों और भाजपा के बीच कोई संबंध नहीं है। भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता या यूनियन का सदस्य गिरफ्तार नहीं हुआ है।’
नवनाथ ने आगे कहा कि वर्षों से ‘कामगार सेना’ के नाम पर आम मराठी युवाओं का शोषण और उनसे जबरन वसूली की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘संजय राउत की शह पर यह शोषण चल रहा था, जिस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चह्वाण ने रोक लगा दी।’
