बिहार : सम्राट चौधरी ने विधानसभा में जीत विश्वास मत, बोले- नई सरकार भी नीतीश कुमार के रास्ते पर चलेगी
पटना, 24 अप्रैल। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए के सभी सहयोगी दलों का आभार जताया।
तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और भाजपा पर साधा निशाना बिहार विधानसभा में सदन की कार्यवाही राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को बधाई दी, साथ ही नीतीश कुमार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा।
‘मैंने जो कहा था, वही हुआ – नीतीश जी को फिनिश कर दिया गया’
तेजस्वी यादव ने कहा, ‘चुनाव के समय हमने देखा कि जेडीयू के नेता कहते थे – ‘25 से 30, फिर से नीतीश’, लेकिन हमने पहले ही कहा था कि बीजेपी के लोग नीतीश को मुख्यमंत्री नहीं रहने देंगे और वही हुआ। नीतीश जी को फिनिश कर दिया गया।’ तेजस्वी के इस बयान पर विधानसभा में हंगामा हो गया। हालांकि तेजस्वी ने सम्राट चौधरी को ‘पगड़ी संभालकर रखने’ की भी नसीहत दी और कहा कि कई लोगों की उन पर नजर है।
राजद नेता तेजस्वी ने शपथ ग्रहण के दौरान सम्राट चौधरी के बोले गए शब्दों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि बिहार एक अजूबा स्टेट है। 20 साल से सरकार है, लेकिन 5 साल में 5 सरकारें बनीं। उन्होंने यह भी कहा, ‘अब हम पर परिवारवाद का आरोप नहीं लगेगा, सम्राट चौधरी के पिता भी राजनीति में रहे हैं। सम्राट जी हमारी पाठशाला के ही विद्यार्थी रहे हैं। बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ सभी व्यवस्थाएं चरमराई हुई हैं।’
"अगर लालू प्रसाद यादव का अत्याचार नहीं होता, तो शायद मैं मुख्यमंत्री नहीं बनता।"
– माननीय मुख्यमंत्री श्री @samrat4bjp जी pic.twitter.com/62wMIk93QI
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) April 24, 2026
महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को पाताल से भी निकाला जाएगा
वहीं विश्वास मत जीतने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से बिहार में एनडीए की सरकार है और राज्य में सुशासन स्थापित करने का काम नीतीश कुमार ने किया। बिहार में सरकारी नौकरियों की बहार आई है। बिहार में महिलाओं के उत्थान का काम किया गया, साइकिल योजना चला कर छोटी बहनों को स्कूल तक पहुंचाने का काम किया गया।
ट्रिपल C के मुद्दे पर आगे भी कोई समझौता नहीं होगा – सम्राट
सम्राट चौधरी ने कहा कि उनके नेता नीतीश कुमार हमेशा बिहार को समृद्ध बनाना चाहते हैं और ट्रिपल C (क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म) के मुद्दे पर उन्होंने कभी समझौता नहीं किया, आगे भी कोई समझौता नहीं होगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को जवाब देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, ‘यह कुर्सी किसी की बपौती नहीं है, इस सोच से बाहर निकलना होगा। यह 14 करोड़ बिहार की जनता का आशीर्वाद है।’
"मैं जरूर यह आश्वस्त करना चाहता हूँ सदन को भी और पूरे बिहार को। देश के प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी चाहते हैं देश विकसित हो, और बिहार के नेता, हम लोगों के नेता नीतीश कुमार जी चाहते हैं बिहार समृद्ध हो, इस पर काम हमको करना है।"
– माननीय मुख्यमंत्री श्री @samrat4bjp जी… pic.twitter.com/oUjjyNndH4
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) April 24, 2026
सीएम चौधरी ने तेजस्वी यादव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने अच्छी पहल का समर्थन करने की बात कही थी। इस पर उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है और हम भी चाहेंगे कि उनका समर्थन मिले। उन्होंने कहा, नीतीश कुमार को कोई नहीं हटा सकता, न राजनीति से, न दिल से। नीतीश कुमार इच्छा शक्ति वाले नेता हैं, नीतीश कुमार की इच्छा शक्ति है कि सम्राट चौधरी बिहार का मुख्यमंत्री है।
नीतीश कुमार की राह पर ही चलेगी सरकार – डिप्टी सीएम विजय चौधरी
वहीं डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने भी कहा, ‘सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं। इस प्रदेश के लिए इसका एक ऐतिहासिक महत्व है। यह कोई आम घटना नहीं है। बिहार की जनता का जितना निरंतर समर्थन एनडीए को मिला है। आज एनडीए की दूसरी पीढ़ी बिहार के सत्ता में आई है और इसको भी जनता का समर्थन है।’
विजय चौधरी ने कहा, ‘यह कोई मामूली घटना नहीं, पीढियां बदल रही हैं, लेकिन लोगों का विश्वास एनडीए से नहीं हट रहा है। तेजस्वी यादव को मलाल यही है कि सरकार पर सरकार बनती जा रही है, लेकिन आपको मौका नहीं मिल रहा है। लेकिन यह मौका सिर्फ बिहार की जनता ही दे सकती है और इसके लिए आपको बिहार की जनता का भरोसा जीतना होगा।
डिप्टी सीएम ने कहा, ‘इसमें कोई बड़ी बात नहीं कि एनडीए की तीसरी पीढ़ी भी सरकार बनाएगी। आज हमें सदन में एक खालीपन महसूस हो रहा है। एक दीपक (नीतीश कुमार) जिसकी रोशनी में हम लोग लगातार देखने के आदी बन चुके थे, जिनकी रोशनी से हम लोग राजनीति करते थे और शासन में भी काम करते थे, लेकिन आज वह दीपक हम लोगों से दूर जा चुका है।’
विजय चौधरी ने कहा, ‘आज की नई सरकार भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के रास्ते ही चलेगी। 25 से 30 फिर से नीतीश ही चलेगा और नीतीश कुमार के रास्ते पर ही सरकार चलेगी। यह हमारे मुख्यमंत्री ने कई अवसरों पर बता दिया है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘नेता प्रतिपक्ष महिला आरक्षण की बात कर रहे थे। आज हर राज्य में या पूरे देश में महिलाओं के आरक्षण की चर्चा हो रही है। इसका श्रेय किसी को जाता है तो वह एकमात्र प्रदेश बिहार है और किसी नेता को जाता है तो वो नीतीश कुमार हैं। नीतीश कुमार ने जो पौधा लगाया, वह आज फल-फूल रहा है। महिलाओं के इसी सदन में आने की दस्तक सुनाई पड़ रही थी, उसे विपक्ष के लोगों ने रोक दिया। जाति गणना हम सब लोगों ने शुरू की थी। राजद ने भी इसका समर्थन किया।’
