देहरादून, 10 नवंबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनके मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में पर्यटन, उद्योग, निवेश, रोजगार, सैनिकों के सम्मान, आपदा राहत और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड की पहचान एक उत्कृष्ट पर्यटन स्थल, उद्योगों के अनुकूल राज्य और तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में बन रही है।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी को पत्र भेजकर उनके कार्यों की सराहना की थी। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए प्रदेश की विकास यात्रा और उपलब्धियों को विस्तार से साझा किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से देवभूमि उत्तराखंड में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि नए उत्तराखंड में हर वर्ग के कल्याण और प्रगति के नए रास्ते खुल रहे हैं।
‘यह उत्तराखंड के विकास का राष्ट्रीय संकल्प था’
प्रधानमंत्री को संबोधित पत्र में मुख्यमंत्री धामी ने उनके उस कथन का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने बाबा केदारनाथ के श्रीचरणों में कहा था कि ‘इक्कीसवीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा।’ धामी ने लिखा कि प्रधानमंत्री के इस उद्घोष ने प्रदेश की विकास यात्रा को नई दिशा, आत्मविश्वास और ऊर्जा दी। आज पीछे मुड़कर देखने पर महसूस होता है कि यह केवल एक राजनीतिक संकल्प नहीं था, बल्कि देवभूमि की क्षमताओं को पहचानकर उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का राष्ट्रीय संकल्प था। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से यह विश्वास जमीन पर उतरता दिखाई दे रहा है।
सिल्क्यारा सुरंग हादसे में PM की सक्रियता का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 में उत्तरकाशी की सिल्क्यारा सुरंग में 41 श्रमिकों के फंसने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि उस चुनौतीपूर्ण समय में प्रधानमंत्री ने लगातार बचाव अभियान की निगरानी की और हर गतिविधि पर नजर रखी। उनकी चिंता, सक्रियता और मार्गदर्शन श्रमिकों के जीवन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण था। धामी ने 11 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री के देहरादून दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रधानमंत्री ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए 1,200 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह सहायता राशि उत्तराखंड को उपलब्ध कराई जा रही है।
वंदे भारत से लेकर ‘नवरत्नों’ तक का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने मई 2023 में देहरादून से वंदे भारत एक्सप्रेस के शुभारंभ का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के विकास के लिए ‘नवरत्नों’ की जो परिकल्पना प्रस्तुत की थी, वह अब धरातल पर साकार होती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन, कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और अन्य क्षेत्रों में लगातार काम हो रहा है। उत्तराखंड को निवेश और उद्योगों के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है।
शहीदों के परिजनों और परमवीर चक्र विजेताओं के लिए बढ़ाई सहायता
पत्र में मुख्यमंत्री ने वीरभूमि उत्तराखंड के सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए किए गए फैसलों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों की अनुग्रह राशि 1.50 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये कर दी गई है। वहीं, शहीदों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। मुख्यमंत्री ने इसे सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान तथा कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ से स्थानीय उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार
धामी ने पत्र में ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के लिए इस ब्रांड की स्थापना एक दूरगामी पहल साबित हो रही है। स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में प्रदेश की प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में भारत सरकार से मान्यता प्राप्त 1,300 से अधिक और राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त 200 से अधिक स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं।
4.28 लाख करोड़ रुपये पहुंच सकता है उत्तराखंड का GSDP
मुख्यमंत्री ने राज्य की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए उत्तराखंड का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) लगभग 4.28 लाख करोड़ रुपये अनुमानित है। वहीं, प्रदेश का बजट भी बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। उन्होंने कहा कि निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों के साथ उत्तराखंड तेजी से आर्थिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कुंभ 2027 और रिवर्स पलायन को बताया बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेला 2027 का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकात्मता का विराट प्रतीक है। इसके सफल आयोजन के लिए केंद्र सरकार का सहयोग प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। धामी ने रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि यह संकेत है कि रोजगार और आजीविका के नए अवसर लोगों को अपने गांवों और जड़ों की ओर लौटने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पत्र के अंत में विश्वास जताया कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में विकसित उत्तराखंड की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पहाड़ का युवा अपने ही गांव में सम्मानजनक आजीविका प्राप्त कर सके और प्रदेश में विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।


