1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. अमित शाह की हुंकार- ‘बंगाल में प्रचंड बहुमत से आ रही भाजपा, पहले चरण में 110 से अधिक सीटें जीतेगी’
अमित शाह की हुंकार- ‘बंगाल में प्रचंड बहुमत से आ रही भाजपा, पहले चरण में 110 से अधिक सीटें जीतेगी’

अमित शाह की हुंकार- ‘बंगाल में प्रचंड बहुमत से आ रही भाजपा, पहले चरण में 110 से अधिक सीटें जीतेगी’

0
Social Share

कोलकाता, 24 अप्रैल। बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में गुरुवार को 16 जिलों की 152 सीटों पर रिकॉर्ड मतदान से उत्साहित केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बंपर जीत का भरोसा व्यक्त किया है। उन्होंने शुक्रवार को यहां आहूत एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि राज्य में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है और पहले चरण में ही भाजपा 110 से अधिक सीटें जीत लेगी।

ममता बनर्जी की सरकार का समय समाप्त हो चुका है

अमित शाह ने कहा कि पहले चरण में रिकार्ड मतदान हुआ है, जो बंगाल की जनता में परिवर्तन की इच्छा को दर्शाता है। इससे साफ संकेत मिलता है कि ममता बनर्जी की सरकार का समय समाप्त हो चुका है और बंगाल अब भाजपा की सरकार चाहता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोग बिना डर के वोट डालने आए और तृणमूल कांग्रेस के गुंडों का असर नहीं पड़ा।

भाजपा सरकार बनते ही बदहाली और घुसपैठ जैसी समस्याओं का अंत होगा

शाह ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, सिंडिकेट राज, कानून-व्यवस्था की बदहाली और घुसपैठ जैसी समस्याओं का अंत भाजपा की सरकार बनते ही हो जाएगा। उन्होंने वादा किया कि भाजपा सत्ता में आई तो युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और राज्य को विकास का नया माडल देगी। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल से हर घुसपैठिए को बाहर किया जाएगा और ‘लव जिहाद’ व ‘लैंड जिहाद’ जैसी घटनाओं पर पूर्ण विराम लगेगा।

‘ममता दीदी, आपका भतीजा कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएगा’

वहीं दूसरे चरण के चुनाव के निमित्त एक रोडशो के दौरान अमित शाह ने टीएमसी और ममता बनर्जी पर हमला करते हुए कहा, ‘उनका समय अब खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि ममता दीदी अपनी जगह भतीजे को बैठाने वाली हैं। लेकिन मैं आज कहकर जा रहा हूं कि आपका सपना कभी पूरा नहीं हो पाएगा। आपका भतीजा कभी मुख्यमत्री नहीं बन पाएगा।’

भाजपा की सरकार बनी तो कौन मुख्यमंत्री होगा, इस बाबत अमित शाह ने कहा, ‘झूठ फैलाया जाता है कि भाजपा जीती तो बंगाल में बाहर का मुख्यमंत्री बनेगा। मैं बता देता हूं कि ऐसा व्यक्ति ही बंगाल का मुख्यमंत्री बनेगा, जो बंगाल में ही पैदा हुआ होगा।’

अभिषेक बनर्जी का पलटवार – भाजपा इस बार भी 50 का आंकड़ा पार नहीं कर पाएगी

इस बीच अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि वह ‘ए दीदी’ कहकर ममता बनर्जी का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमित शाह का बोलने का अंदाज ही बताता है कि उनकी महिलाओं के प्रति सोच कैसी है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार फिर 50 का आंकड़ा पार नहीं कर पाएगी।

ज्ञातव्य है कि बंगाल में दूसरे व अंतिम चरण में 142 सीटों पर मतदान 29 अप्रैल को होगा और वोटों की गिनती चार मई को की जाएगी। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को हुए मतदान में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही। महिला मतदाताओं का प्रतिशत 92.69 रहा जबकि पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 90.92 रहा। तीसरे लिंग के मतदाताओं का प्रतिशत 56.79 रहा।

दोनों प्रतिद्वंद्वी दलों को अपने पक्ष में निर्णायक जनादेश मिलने की उम्मीद

दिलचस्प यह है कि जबर्दस्त मतदान पर दोनों प्रमुख प्रतिद्वंद्वी दलों – भाजपा और टीएमसी ने अपने पक्ष में निर्णायक जनादेश मिलने की उम्मीद जताई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नदिया जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए मतदान को ‘परिवर्तन के लिए भारी जनादेश’ बताया और दावा किया कि चुनाव संबंधी हिंसा पिछले पांच दशकों में सबसे कम रही।

हालांकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उच्च मतदान प्रतिशत दर्शाता है कि ‘लोगों में यह डर है कि अगर वे मतदान नहीं करेंगे तो वे अपना मताधिकार और नागरिकता खो सकते हैं।’

सीएम ममता ने मतदाता भागीदारी को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के साथ जोड़ा। पश्चिम बंगाल में 2021 में विधानसभा चुनाव आठ चरणों में संपन्न हुए थे और कुल मतदान प्रतिशत 82.30 फीसदी रहा था। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनावों में अलग-अलग चरणों में मतदान 79 से 86 प्रतिशत के बीच रहा था।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code