राष्ट्रमंडल खेल 2026 : धावक गुलवीर ने रचा इतिहास, 10 हजार मीटर दौड़ में रजत के बाद 5000 मीटर में भी जीता कांस्य

ग्लास्गो, 2 अगस्त। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शनिवार को यदि मुक्केबाजी रिंग में भारत का जलवा दिखा और महिला व पुरुष मुक्केबाजों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड सात स्वर्ण व तीन रजत सहित कुल 10 पदक जीते तो लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने भी इतिहास रच दिया।

एक ही संस्करण की एथलेटिक्स स्पर्धा में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय 

दरअसल, 10 हजार मीटर दौड़ में रजत पदक जीतने के चौथे दिन पांच हजार मीटर दौड़ में भी कांस्य पदक हासिल किया। इसके साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों एक ही संस्करण में एथलेटिक्स के दो पदक जीतने वाले वह पहले भारतीय एथलीट बन गए।

मौजूदा एशियाई चैम्पियन गुलवीर ने गत 28 जुलाई को 10000 मीटर में रजत पदक जीता था। आज वह 13 मिनट 24.95 सेकेंड का समय निकालकर 5000 मीटर में तीसरे स्थान पर रहे। केन्या के मैथ्यू किपचुंबा किपसांग ने 13 मिनट 23.61 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता तो ऑस्ट्रेलियाई की रॉबिंसन ने रजत पदक हासिल किया।

गुलवीर ने हांगझू एशियाड की 10 हजार मीटर दौड़ में जीता था कांस्य पदक

उल्लेखनीय तथ्य यह है कि 28 वर्षीय गुलवीर के नाम 5000 और 10000 मीटर में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। उन्होंने 10000 मीटर में हांगझू एशियाई खेल 2023 में कांस्य पदक जीता था।

भारत 13 स्वर्ण सहित 39 पदकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर उछला

दिलचस्प तथ्य यह है कि खेलों के 23वें संस्करण के समापन से एक दिन पूर्व यानी स्पर्धाओं के 10वें शनिवार को भारतीयों ने मुक्केबाजी के 10 सहित कुल 16 पदक बटोरे और खुद को पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड व कनाडा के बाद चौथे स्थान पर ला खड़ा किया। भारतीय खिलाड़ियों ने इस दौरान कुल आठ स्वर्ण, पांच रजत व तीन कांस्य पदक जीते। अब भारत के खाते में 13 स्वर्ण, 17 रजत व नौ कांस्य सहित कुल 39 पदक आ चुके हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular